आगरा में कोरोना: नए संक्रमितों की संख्या में कमी, 24 घंटे में 79 मरीज मिले, आंकड़ा 5,489 पर
आगरा में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 79 नए मरीज मिले। इससे पूर्व शुक्रवार को 84 और गुरुवार को 97 नए मामले रिपोर्ट हुए थे। जिले में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,489 पर पहुंच गई है।
सितंबर की शुरुआत से कोरोना संक्रमण तेजी बढ़ा। 12 सितंबर के बाद रोज नए मरीजों का आंकड़ा 100 के पार होने लगा था। यह रफ्तार अब घट रही है। हालांकि कोरोना जांच में भी कमी आई है। इससे नए मरीज भी कम मिल रहे हैं।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5,489 पर पहुंच गया है। इनमें 4,438 मरीज ठीक हो गए हैं। 928 मरीज का उपचार चल रहा है। शनिवार तक 1,80,351 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है।
बीते दिनों रोजाना 2800 से 3000 लोगों तक की जांच हो रही थी। तब 100 से ज्यादा नए मरीज मिल रहे थे। शनिवार को लगभग 2200 लोगों की जांच हुई। इनमें 84 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए।
स्वस्थ होने की दर बढ़ी
राहत की बात यह है कि कोरोना मरीज स्वस्थ होने की जो दर 76 फीसदी पर पहुंच गई थी, वो बढ़कर 80.85 फीसदी हो गई है। प्रशासन ने अपील की है कि लोग मास्क लगाकर ही घर से निकलें। साथ ही सामाजिक दूरी का ध्यान रखें।
बाह क्षेत्र में शनिवार को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए 180 नमूने लिए गये। एंटीजन टेस्ट में एसडीएम बाह के स्टेनो, बिजली विभाग के अवर अभियंता के चालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह के अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने स्टेनो को होम आइसोलेट कराया है। जबकि फिरोजाबाद के रहने वाले चालक की रिपोर्ट भेजी गई है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।