मैनपुरी। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर सर्वे करें। संदिग्धों के सैंपल लिए जाएं। हॉटस्पॉट में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराएं। पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटाने का काम गंभीरता से किया जाए। जिन ग्रामों में प्रवासी मजदूर आए हैं, वहां पूल टेस्टिंग कराई जाए। यह निर्देश रविवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने दिए।
लॉकडाउन से जुड़े अधिकारियों की बैठक में रविवार को डीएम ने कहा यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम, गले, सीने में दर्द की शिकायत हो निगरानी समितियां कंट्रोल रुम 05672-240251 पर सूचना दें। जवाहर नवोदय विद्यालय में सैंपलिंग की व्यवस्था सुधारी जाए। जिन ग्रामों में पॉजिटिव केस मिले हैं, वहां पूरे गांव का सर्वे कराएं। प्रवासी मजदूरों के घर के बाहर लाल निशान, पोस्टर लगाए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अपने स्वास्थ्य केंद्रों से कम से कम पांच लोगों के रेंडम सैंपल कराएं। हॉटस्पॉट वाले गांवों में चौकसी बरतें। हर घर में थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाए। प्रवासी मजदूरों का बैंक विवरण एकत्र कर उनके खातों में 1000 रुपये भेजे जाएं। जिन प्रवासी मजदूरों के पास आधार कार्ड नहीं हैं, उनके अस्थायी राशनकार्ड बनाकर कोटेदारों से खाद्यान्न दिलाएं। सीडीओ नगेंद्र शर्मा, एडीएम बी.राम, एएसपी ओपी सिंह, सीएमओ एके पांडेय, सीएमएस आरके सागर, एसडीएम सुधीर कुमार, रतन वर्मा, रामशकल मौर्य, अनिल कटियार, अनूप कुमार, डिप्टी कलेक्टर प्रेमप्रकाश मौजूद रहे।