कोरोना वैक्सीन: आगरा में जनवरी से 55 बूथों पर शुरू होगा टीकाकरण, तैयारियां तेज
आगरा जिले में जनवरी से 55 बूथों पर कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 17 हजार सिरिंज का ऑर्डर दिया है। प्रत्येक बूथ पर प्रतिदिन 100 लोगों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए सोमवार, शुक्रवार और सोमवार तय किए गए हैं।
जिले में कुल 16684 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। इसमें 1210 प्राइवेट अस्पतालों का स्टाफ और 300 सरकारी अस्पतालों का स्टाफ शामिल है। सरकारी अस्पतालों में एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल लेडी लॉयल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपकेंद्र का स्टाफ के अलावा आंगनवाड़ी और आशाएं शामिल हैं।
संबंधित खबर- कोरोना वैक्सीन: आगरा में बुजुर्ग-बीमार के बाद तीसरे चरण में बच्चों को लगेगा टीका
टीकाकरण के नोडल प्रभारी डॉ संजीव वर्मन ने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह में 17 हजार सिरिंज प्राप्त हो जाएंगी। तीन दिन में 55 बूथों पर वैक्सीन लगाई जाएगी, इसके लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को जानकारी भी दे दी गई है। इनकी पोर्टल पर फीडिंग कर शासन को रिपोर्ट भी भेज दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ आरसी पांडे ने बताया कि टीकाकरण के लिए 350 स्वास्थ्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। पहले दिन के टीका लगने के बाद अगले दिन यह स्टाफ टीकाकरण में सहयोग करेंगे। कौनसी कंपनी की वैक्सीन आएगी, अभी इसकी कोई जानकारी नहीं है। मोबाइल एप भी बनाया गया है, जिस पर सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों के फोन पर दूसरी डोज की तिथि और समय का मैसेज पहुंच जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि राष्ट्रीय जालमा कुष्ठरोग संस्थान, एसएन मेडिकल कॉलेज, सीएमओ कार्यालय में वैक्सीन के लिए भंडारण कक्ष बनाए गए हैं। इनमें स्वदेशी और जर्मन कंपनी के डीप फ्रीजर लगाए गए हैं। इनमें तय तापमान पर 30 दिन तक वैक्सीन को सुरक्षित रखा जा सकता है। सीएमओ ऑफिस में भंडारण कक्ष का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।