Corona in Agra: ताजनगरी में विदेशियों से कोरोना का खतरा, तीन दिन में ऑस्ट्रेलिया के दंपती समेत 19 संक्रमित
आगरा जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 23 हो गई है। बीते तीन दिनों में 19 मरीज मिल चुके हैं। इनमें दो विदेशी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी में कोरोना संक्रमण फिर पांव पसार रहा है। चौथी लहर के बाद अब पांचवीं लहर की आशंका है। विदेशियों से संक्रमण का खतरा है। दिल्ली, महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिनों में 19 संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि इससे पहले 11 दिनों में 11 मरीज मिले थे।
विदेश यात्राएं शुरू हो गई हैं। ताजनगरी में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। ताजमहल देखने आए ऑस्ट्रेलिया का दंपती रविवार को संक्रमित मिला था। मंगलवार को 658 लोगों की जांच में सात नए मरीज मिले हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 23 हो गई है। हाथरस व अलीगढ़ से इलाज के लिए मानसिक स्वास्थ्य संस्थान आए दो मरीजों में संक्रमण मिला है। आईएसबीटी बस स्टैंड पर उतरने वाला एक यात्री पॉजिटिव मिला है। पिछले तीन दिन में 19 नए मरीज मिल चुके हैं। जबकि इससे पहले 31 मई से 11 जून तक कुल 11 मरीज मिले थे।
संक्रमण बढ़ने की आशंका
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी होगी। मरीजों की संख्या प्रतिदिन 50 से 100 तक पहुंच सकती है। विदेशी यात्रियों के अलावा दिल्ली, महाराष्ट व अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को लेकर सतर्क रहें। होटलों में ठहरने वाले पर्यटकों को लेकर खास सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए सभी होटल संचालकों से ठहरने वाले यात्रियों का ब्योरा मांगा जा रहा है।
छह महीने बाद लगवाएं बूस्टर डोज
कोरोना की रोकथाम के लिए लगने वाली वैक्सीन छह महीने बाद कमजोर पड़ रही है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि छह महीने तक एंटीबॉडी शरीर में रहती हैं। तब तक संक्रमण का प्रभाव नहीं पढ़ता, लेकिन छह महीने बाद एंटीबॉडी खत्म होने लगती है। ऐसे में जिन लोगों ने दोनों खुराक ले ली हैं वह बूस्टर डोज भी अवश्य लगवा लें।
छह लाख लोग हो सकते हैं वाहक
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में करीब छह लाख लोग ऐसे हैं, जिन्होंने वैक्सीन की दूसरी खुराक नहीं ली है। ये लोग कोरोना संक्रमण के वाहक हो सकते हैं। इन लोगों से भी संक्रमण के प्रसार की आशंका है। उन्होंने बताया कि जिले में 33 लाख लोगों को पहली खुराक लग चुकी है जबकि 27 लाख लोगों ने दूसरी खुराक ली है।
रोज तीन हजार जांच का लक्ष्य
जिले में प्रतिदिन तीन हजार लोगों की जांच का लक्ष्य है, लेकिन लक्ष्य के सापेक्ष जांचें नहीं हो रही। मंगलवार को 658 लोगों की जांच की गई है। प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में तीन मरीज ठीक हुए हैं। अब तक कुल 27.13 लाख लोगों की जांच में 36490 मरीज मिल चुके हैं। 465 मरीज दम तोड़ चुके हैं। 36002 मरीज ठीक हो चुके हैं।