कासगंज। नगर के अमांपुर रोड पर कंप्यूटर सेंटर पर स्मार्ट कंप्यूटर कोर्स कराकर जॉब दिलाए जाने के नाम पर फीस जमाकर सेंटर को बंद कर दिया गया। संचालक के द्वारा फीस हड़प कर ठगी किए जाने की शिकायत प्रशिक्षणार्थियों ने डीएम और एसपी से की। एसपी ने जांच कर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
प्रशिक्षणार्थी रंजीत कुमार ने बताया कि कीर्ती कंप्यूटर सेंटर पर प्रशिक्षणार्थियों को स्मार्ट कंप्यूटर कोर्स कराने के बाद जॉब दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया, जिसके एवज में प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी से 18000 रुपये फीस के रूप में लिए गए। लगभग 25 प्रशिक्षणार्थियों से फीस जमा करा ली गई है। प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि उनसे ठगी कर सेंटर संचालक नेत्रपाल कश्यप, संतोष कुमार, अनुज कुमार सेंटर बंद कर गए हैं। सभी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। शिकायत करने वालों में रजनीश कुमार, हरीश बाबू, शेखर, अशीष कुमार, अरुण कुमार, सुनील कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, योगेश कुमार, रीना कुमारी, उमेश कुमार, गीता कुमारी, विकास कुमार शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रें ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।