मैनपुरी में सपा पर बरसे मुख्यमंत्री योगी: कहा- नाम समाजवादी, काम तमंचावादी, सोच परिवारवादी
मैनपुरी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होना है। इसे लेकर मतदाताओं को साधने के लिए राजनीतिक दल जोरशोर से चुनाव प्रचार में लगे हैं। इसी कड़ी में भाजपा के स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मैनपुरी में जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर सपा रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मैनपुरी के किशनी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इनका नाम समाजवादी है, लेकिन काम तमंचावादी और सोच परिवारवादी है। ये परिवारवादी सोच के लोग किसी दूसरे को पनपने ही नहीं देंगे। सपा मुखिया पर कहा कि जब बुलडोजर चलता है तो अखिलेश यादव सबसे ज्यादा परेशान होते हैं।
उन्होंने कहा कि पांच साल पहले गुंडागर्दी थी। माफियाराज था। माफिया किसी भी गरीब की जमीन पर कब्जा कर लेते थे। बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। अराजकता का तांडव था। त्योहार से पहले दंगे शुरू हो जाते थे, महीनों तक कर्फ्यू लग जाता था। प्रदेश बदनाम होता था। व्यापारी तबाह हो जाता था। 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार आई। भाजपा का नाम सुनकर ही अपराधी बिलों में छिप गए।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2012 जब ये लोग सत्ता में आए तो अखिलेश यादव ने सबसे पहले अयोध्या में राममंदिर पर आतंकी हमला करने वालों के मुकदमे वापस लेने का काम किया। इनकी सोच और संवेदना किसानों और नौजवानों के लिए नहीं है। इनकी संवदेना आतंकवादियों के प्रति है। उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार ने सबसे पहले अवैध बूचड़खाने बंद कराने का काम किया। किसानों का कर्ज माफ किया।
'अब बमबाजी नहीं, बम-बम भोले के जयकारे लगते हैं'
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले बिजली नहीं आती थी। दिन में बमबाजी होती थी, रात में डकैती। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कर्फ्यू नहीं लगता है। कांवड़ यात्री निकलती है। आज बमबाजी नहीं होती है। अब कांवड यात्रा में बम-बम भोले के जयकार लगते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के एक हाथ में विकास की छड़ी तो दूसरे में बुलडोजर का लीवर है। बिना भेदभाव के विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2012 में सपा की सरकार में गुंडाराज था। अपराधी और माफिया को सरकारी हेलीकॉप्टर में घुमाने के साथ ही मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित किया जाता था। लेकिन भाजपा की सरकार में उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया। सपा शासन में गरीबों के राशन, सड़क बनवाने की धनराशि, बिजली की धनराशि, पेंशन की धनराशि हड़प ली जाती थी। लेकिन भाजपा सरकार में सभी को पेंशन, राशन, बिजली और पानी मिल रहा है।
काले कपड़े पहनकर प्रवेश को लेकर रहा विवाद
मुख्यमंत्री की जनसभा में काले रंग के कपड़े पहनकर पहुंचने वाले लोगों को पुलिस द्वारा रोका जा रहा था। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। मुख्यमंत्री के आने से पूर्व जब भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान काले रंग की सदरी पहनकर पहुंचे तो बात पार्टी के पदाधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद मंच से कहा गया कि काले कपड़े पहनकर आने वाले पार्टी के कार्यकर्ता हैं, उन्हें न रोक जाए। इसके बाद लोगों को प्रवेश मिला।