आगरा: तालाब में डूबकर टेंट व्यवसायी के 12 वर्षीय बेटे की मौत, 22 घंटे बाद निकाला जा सका शव
आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के कमाल खां में शुक्रवार को लापता हुए बालक का शव शनिवार दोपहर को पुलिस ने तालाब से बरामद कर लिया है। मासूम की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के शाहगंज क्षेत्र के कमाल खां में कच्चे तालाब में डूबने से टेंट व्यवसायी शिव कुमार गुप्ता के 12 वर्षीय बेटे शौर्य की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर को वह पिता की साइट से घर लौट रहा था। तभी तालाब में गिर गया। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। 23 घंटे बाद शनिवार को तालाब से गोताखोरों ने शव को निकाला।
शिव कुमार गुप्ता अर्जुन नगर स्थित रघुवीर पुरी कालोनी के रहने वाले हैं। अर्जुन नगर में ही उनकी टेंट की दुकान है। दो बेटे शौर्य और खुशहाल थे। शौर्य घर के पास ही माडर्न पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। पिता ने बताया कि शुक्रवार को कमाल खां में उनका टेंट लगा हुआ था। दोपहर में तकरीबन 12:45 बजे बेटा शौर्य भी वहां पहुंच गया। कुछ देर रुकने के बाद पैदल घर के लिए चल दिया।
घर नहीं पहुंचने पर किया तलाश
मगर, वो घर नहीं पहुंचा। काफी देर बाद भी घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। उसकी तलाश की, लेकिन वो कहीं नहीं मिला। शाम को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी शौर्य की तलाश की। मगर, रात तकरीबन दो बजे तक उसका पता नहीं चला।
कमाल खां में कच्चे तालाब में शौर्य के डूबने की आशंका थी। इस पर शनिवार को गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश की गई। दोपहर तकरीबन 12 बजे उसका शव निकाला जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
एक महिला ने डूबते देखकर पुलिस को दी थी सूचना
थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को कमाल खां के तालाब में बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी। एक महिला ने उसे देखा था। इस पर पुलिस पहुंची थी। जिस स्थान पर बच्चे के गिरने के बारे में बताया गया, वहां पर तलाश कराई गई। मगर, कोई नहीं मिला। वहीं बच्चे के लापता होने की शिकायत लेकर कोई नहीं आया था। इस पर पुलिस काफी देर तलाश के बाद लौट गई।
आशंका है कि शौर्य घर लौट रहा था। वह कच्चे तालाब के पास से गुजर रहा होगा। तालाब गंदगी से भरा पड़ा है। तालाब के बीच में से निकलने की जगह भी है। शौर्य भी निकल रहा था। मगर, वह गंदगी में फंसने से डूब गया। एक महिला ने उसे डूबते हुए देख लिया था। इस पर लोग जुट गए थे। पुलिस को सूचना दी गई। मगर, बालक को कोई पहचानता नहीं था। शाम को शौर्य के लापता होने की जानकारी पर तालाब में तलाश की गई है। मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया।
कच्चे तालाब की नहीं है दीवार, हो रहे हादसे
कमाल खां के लोगों का कहना था कि तालाब 35 साल से अधिक पुराना है। इसमें घरों का पानी जाता है। इसके साथ ही कूड़ा भी फेंका जाता है। इससे तालाब में पानी नजर नहीं आता है। इसकी दीवार भी नहीं है। इस कारण लोग आसपास से निकलते हैं। कई बार अंदाजा नहीं होने की वजह से हादसे का शिकार हो जाते हैं। पशु भी तालाब में गिर चुके हैं।
राधेवाली गली निवासी इशाक ने बताया कि तालाब के आसपास सुरक्षा के इंतजाम नहीं है। इस कारण कई लोग और पशु हादसे का शिकार हो चुके हैं। आवास विकास कॉलोनी के वेद प्रकाश ने कहा कि हादसे की जानकारी पर आया हूं। तालाब को देखकर लगता है कि कभी गंदगी साफ नहीं हुआ। प्रशासन से यही मांग है कि सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। अर्जुन नगर के पार्षद जयसिंह सरदारा ने कहा कि यह इलाका मेरे वार्ड में नहीं आता है। हालांकि तालाब तकरीबन 35 साल पुराना है। इसमें गंदगी का आलम है। दीवार नहीं होने की वजह से लोग निकलते हैं।
परिवार में मचा कोहराम
बेटे शौर्य की मौत से मां पिंकी का कलेजा ही फट गया। वह फूट-फूटकर रोने लगीं। वहीं पिता का भी हाल बेहाल है। वह यही कह रहे थे कि उसे अकेला क्यों भेजा। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।