कासगंज। हापुड़ के सराफा कारोबारी से 6 दिन पूर्व लूट के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी किए हैं। वारदात शहर के सराफा कारोबारियों के यहां स्वर्ण आभूषणों की सप्लाई करने के बाद वापस हापुड़ जाते समय अंजाम दी गई थी। बदमाशों ने करीब 15 लाख रुपये का सोना लूट लिया था। यह वारदात अलीगढ़ जनपद में पनैठी रोड पर शेखा झील के पास हुई थी। अलीगढ़ पुलिस को संदेह है कि लुटेरे कासगंज से ही कारोबारी के पीछे लगे थे।
7 अक्तूबर को दोपहर के समय लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया थ। लूट की घटना के बाद से अलीगढ़ जनपद की पुलिस टीम शहर में सक्रिय हो गई। सराफा कारोबारी के आने -जाने वाले मार्ग और किन-किन दुकानों पर गया, उन सभी स्थानों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। कुछ संदिग्ध पुलिस के रडार पर हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की शिनाख्त कराने के प्रयासों में जुटी है। 50 हजार रुपये का इनाम भी अलीगढ़ पुलिस ने घोषित किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्धों को तलाश रही है। सोशल मीडिया पर भी यह फुटेज वायरल की गईं हैं। इससे कि लुटेरों के बारे में महत्वपूर्ण सूचनाएं पुलिस को मिल सकें। पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने पचास हजार रुपये का इनाम जानकारी देने वालों के लिए रखा है। उन्होंने बताया कि हापुड़, अलीगढ़ और कासगंज जनपद में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।