ऑनलाइन प्यार, ऑफलाइन धोखे की शिकार: सोशल मीडिया पर आंखें मूंदकर विश्वास करना पड़ा भारी
- सावधानी नहीं बरतने पर धोखे का शिकार बना रहा ऑनलाइन शुरू हुआ रिश्ता
- साइबर एक्सपर्ट की सलाह- किसी से दोस्ती करने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया पर लोगों से दोस्ती उनके बारे में पूरी जानकारी करने के बाद ही करें। फेसबुक पर अंजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें, सावधान रहें। क्योंकि ऑनलाइन शुरू हुआ रिश्ता सावधानी नहीं बरतने पर धोखे का शिकार बना रहा है। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग तक हो रही है। आगरा में साइबर सेल से लेकर थानों में इस तरह के मामले पहुंच रहे हैं। ताजगंज, एत्माद्दौला और रकाबगंज में शिकायतें भी दर्ज कराई जा चुकी हैं।
शादी का वादा कर रकम-जेवरात हड़पे, किया दुष्कर्म
दो साल पहले ताजगंज क्षेत्र की महिला को फेसबुक पर मध्य प्रदेश के युवक ने दोस्ती का प्रस्ताव भेजा था। विवाहिता ने फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। कुछ समय बाद युवक फोन पर भी बात करने लगा। एक बार रुपयों की मदद मांगी और एक लाख रुपये खाते में जमा करा लिए।
एक बार युवक मुलाकात के बहाने आगरा आया। इस दौरान उसने महिला से दो लाख रुपये रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर ले लिए। शादी का वादा कर मथुरा ले गया। वहां एक होटल में रखा। आरोप है कि युवक ने महिला के जेवरात ले लिए और दुष्कर्म भी किया। पीड़िता ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
युवती को चौराहे पर छोड़ा
नोएडा की युवती की दोस्ती छह महीने पहले फेसबुक पर आगरा के युवक से हुई थी। दोनों मोबाइल पर बातें करने लगे। चार मार्च को युवती युवक से मिलने आगरा आई, लेकिन युवक कुछ देर मिलने के बाद उसे वाटरवर्क्स चौराहे पर अकेला छोड़कर चला गया।
काफी इंतजार के बाद युवक नहीं आया। युवती परेशान हाल में घूम रही थी, तभी उसे एक ऑटो चालक मिला। उसे अपने दोस्त के घर ले गया, उससे दुष्कर्म किया। युवती ने अपने परिजनों के संपर्क घटना के बारे में बताया। युवती ने थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज कराया है।
परिजनों की सतर्कता से बची युवती
रकाबगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती से ओमान में रह रहे बिजनौर के युवक ने फेसबुक पर दोस्ती कर ली। युवती से शादी का वादा करने लगा। युवती ने अपने घरवालों को बताया। युवती के परिजनों ने युवक के बारे में पता किया तो सामने आया कि वह पहले से शादीशुदा था। वह फेसबुक पर कई और युवतियों से झूठ बोलकर बात कर रहा था। परिजनों ने थाने में तहरीर दी। पुलिस की जांच में परिजनों की बात सही निकली।
निजता का ख्याल रखें
साइबर क्राइम थाना के एक्सपर्ट चेतन भारद्वाज ने बताया कि सोशल मीडिया पर दोस्ती करने से पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने वाले के बारे में पूरी जानकारी कर लेनी चाहिए। मुलाकात करने जाएं तो एकांत स्थान पर न जाएंगे। इस व्यक्ति से दोस्ती कर रही हैं, उसके सही नाम और पते के बारे में जानकारी कर लें। अपनी फोटो और निजी जानकारी शेयर नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर निजता का ख्याल रखें।