आगरा के होटल में सामूहिक दुष्कर्म: भाजपा नेता ब्लॉक प्रमुख को पुलिस ने भेजा जेल, दो आरोपियों की तलाश
ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह ने आशा की नौकरी लगवाने के नाम पर खुर्जा की युवती को आगरा बुलाया था। युवती का आरोप है कि उसके साथ होटल में दो लोगों ने दुष्कर्म किया। पूर्व में भी आरोपी उसे ब्लैकमेल कर चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के होटल में खुर्जा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बाह के भाजपा नेता ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह, उसके दो दोस्त जितेंद्र और देव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी ने युवती से आशा की नौकरी लगवाने के नाम पर दोस्ती की थी।
सोमवार तड़के पुलिस ने आरोपी लाल सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य दो आरोपी घरों से फरार हैं। वहीं पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं। पीड़िता के अनुसार उससे दो बार दुष्कर्म किया गया।
दो लोगों ने किया था दुष्कर्म
युवती ने रविवार रात 11 बजे पुलिस से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत की थी। बताया था कि होटल में ले जाकर उसके साथ दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पहले वो होटल का नाम और पता नहीं बता पा रही थी। बाद में होटल का नाम पता चल गया। युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
इसमें बाह के फरैरा निवासी लाल सिंह, पिनाहट के भदरौली निवासी जितेंद्र और देव को नामजद किया। मुकदमे में सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धारा लगी। भाजपा नेता लाल सिंह बाह का ब्लॉक प्रमुख है। दुष्कर्म की घटना होटल अमर यात्री निवास में अंजाम दी गई।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी लाल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसने होटल में अपनी आईडी से कमरा बुक किया था। वह शाम छह बजे सीसीटीवी फुटेज में युवती को लेकर जाता और रात नौ बजे बाहर आता नजर आया है।
दो महीने पहले कॉल करके की थी दोस्ती
पीड़ित युवती ने दर्ज कराए मुकदमे में लिखा कि दो महीने पहले उसके पास अंजान नंबर से कॉल आया था। उसने पहले कॉल काट दिया। बाद में उसे बार-बार कॉल आने लगे। इस पर उसने बात की। कॉल करने वाले ने उससे कहा कि वह दोस्ती करना चाहता है। अपना नाम लाल सिंह बताया।
लाल सिंह ने कहा कि वह ब्लॉक प्रमुख है। उसकी आशा की नौकरी लगवा देगा। इसके बाद आगरा आने की कहने लगा। 21 दिसंबर 2021 को वह मिलने आई। आरोपी उसे एक गाड़ी से फार्म हाउस में ले गया। उसने, उसके दोस्तों देव और जितेंद्र ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
फार्म हाउस में वीडियो बनाकर दी धमकी
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि फार्म हाउस में दुष्कर्म की शिकायत पुलिस से करने की कहने पर ब्लॉक प्रमुख ने धमकी दी। कहा कि तुम जानती नहीं हो कि हम कौन हैं। हम पर एक विधायक का हाथ है। उनके सामने पुलिस के बड़े-बड़े अधिकारी भी पैर छूते हैं। तुम्हें मिनटों में गायब करवा दूंगा।
इस कारण वो अपने घर चली गई। आरोपी ने अगले दिन फिर से कई कॉल किए। दोबारा आगरा आने का दबाव बनाया। मना करने पर फोन पर उसका अश्लील वीडियो भेजा। वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस पर वो फिर से आ गई। आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया।
'पुलिस अपना काम करेगी'
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बाह के पूर्व विधायक अरिदमन सिंह ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख पर आरोप लगा है। पुलिस अपना काम करेगी। जो घटना हुई, पुलिस उसकी जांच करे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना
युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार हुए बाह ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह को लेकर सपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने भाजपा पर निशाना साधा है। मधुसूदन शर्मा ने कहा भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षित नहीं। बेटी बचाओ के नारे को भाजपा के नेता कलंकित कर रहे हैं।