फिरोजाबाद: एचआर मैनेजर के परिवार पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला, हमलावरों ने बेटे को मारी गोली
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में शनिवार को बाइक सवार दो युवकों ने फैक्टरी के एचआर मैनेजर के परिवार पर हमला कर दिया। उनके बेटे को गोली मार दी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
विस्तार
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव बेकारसखा निवासी वैभव सिंह (26) पुत्र राज किशोर शनिवार दोपहर को अपनी मां रंजना सिंह के साथ बाजार से घर जा रहा था। तभी रास्ते में हिंद लैम्प्स फैक्टरी के समीप बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट करने लगे।
हमलावरों ने वैभव पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। गोली उसके पैर में लग गई। दिनदहाड़े फायरिंग की आवाज सुन आसपास के लोग एकत्रित हो गए। उन्हें देखकर हमलावर भाग गए। परिजन घायल को अस्पताल लाए, जहां से उसे फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
आगरा: रैगिंग से बचाने की कहकर छात्रा का शारीरिक शोषण, रुपये न देने पर फोटो किए वायरल
घायल वैभव के पिता हिंद लैम्प्स फैक्ट्री में एचआर मैनेजर के पद पर तैनात हैं। हाल ही में फैक्टरी से 70 मजदूरों को निकाला गया है। बताया जाता है कि उसी के चलते कुछ लोग वैभव और उसके पिता से रंजिश मानते चले आ रहे हैं।
रेलवे लाइन के किनारे से आए बदमाश
घायल वैभव ने बताया कि जब वह अपनी मां रंजना सिंह के साथ बाइक से घर जा रहा था। तभी हिंद लैम्प्स के पीछे रेलवे लाइन के पास से बाइक सवार दो बदमाश आए और उन्होंने उसे रोक कर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि उक्त युवकों ने उसकी मां रंजना सिंह के कानों के कुंडल भी छीन लिए, जिससे उनके कान भी फट गये। गंभीर हालत में युवक को परिजन अस्पताल लाए। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी होने पर एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, सीओ राजवीर सिंह फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। पीड़ित से घटना की जानकारी ली। इस संबंध में एसपी ग्रामीण ने बताया कि रंजिश के चलते युवक के साथ मारपीट हुई है। गोली उसके पैर में लगी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।