खेरागढ़/सैंया। तहसील क्षेत्र अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय सैंया में सोमवार को पांच दिवसीय चित्रकला कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। 12 से 16 अक्तूबर तक चलने वाली कार्यशाला का उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य एवं चित्रकला विभाग प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने मां शारदे को पुष्प अर्पित कर आरती की।
कार्यशाला के पहले दिन छात्र-छात्राओं को प्लास्टर ऑफ पेरिस से मूर्ति बनाने की विधि सिखाई गई। साथ ही ग्रीटिंग कार्ड बनाने की बारीकियों से भी परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने रंगों का प्रयोग कर आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए। चित्रकला विभाग प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि कार्यशाला के अंतिम दिन विद्यार्थियों की ओर से तैयार पेंटिंग, मूर्तियों और अन्य शिल्प कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस अवसर पर डॉ. हुकुम सिंह, रेखा सुमन, अनिल कुमार, विजय आनंद गौतम, बृजमोहन, मोनू, राजा बाबू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।