अमर उजाला फाउंडेशन: रक्तदान कर बनें महादानी, बचाएं दूसरों की जिंदगानी, कल लगेंगे शिविर
कोरोना महामारी में रक्त की कमी को देखते हुए अमर उजाला फाउंडेशन विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा में शिविर लगाने जा रहा है। इन शिविरों में आप भी स्वैच्छिक रक्तदान कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में अमर उजाला कार्यालय, एसएन मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक और जिला अस्पताल ब्लड बैंक में सुबह नौ से तीन बजे तक शिविर लगेगा। शिविर में एकत्रित रक्त की यूनिटों से एनमिक गर्भवती, थैलेसीमिया, कैंसर, किडनी और लावारिस मरीजों का इलाज किया जाएगा। रक्तदाता को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।
एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीतू चौहान ने बताया कि 18 से 65 साल के लोग रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान करने से किसी तरह की कमजोरी नहीं आती। हर तीन महीने बाद रक्तदान किया जा सकता है।
इन पांच बीमारियों की निशुल्क जांच भी
रक्तदान करने वाले लोगों की पांच बीमारियों की निशुल्क जांच भी हो जाती है। ब्लड बैंक रक्त में एचआईवी, मलेरिया, सिफलिस, हेपेटाइटिस ए और बी की भी जांच कराती है। अगर किसी में यह बीमारी मिलती है तो उसे फोन कर इलाज कराने के लिए बोला जाता है। रक्त को नष्ट करा दिया जाता है।
सामाजिक संगठन रक्तदान में करें सहयोग
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने कहा कि रक्तदान अभियान में सामाजिक संगठन सहयोग करें और शिविर में मरीजों की जान बचाने के लिए रक्तदान करें। आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन और प्रारंभ वेलफेयर सोसाइटी के अंकुर शंकर गौतम ने कहा कि शिविर में सहयोग करेंगे।
मथुरा में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर महोली रोड, जनकपुरी स्थित कल्याण ब्लड बैंक में लगाया जाएगा। इसमें विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों के अलावा आम लोग भी शामिल होंगे। ब्लड बैंक के निर्देशक बृजेश शर्मा ने अपील की है कि लोग अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें, जिससे जरूरत के समय किसी की जान बचाई जा सके।
फिरोजाबाद में अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वाधान में रक्तदान शिविर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित किया जाएगा। यह रक्त गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना का शिकार व्यक्तियों की जान बचाने के लिए प्रयोग किया जाएगा। इस शिविर में विभिन्न संगठनों के अलावा लोग स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर सकते हैं।