कासगंज। तीन दिन पूर्व अमांपुर में आयोजित हुए होली महोत्सव के दौरान दो पक्षों के बीच हुए उपद्रव के मामले को लेकर एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अमांपुर के कोतवाली निरीक्षक सहित दो दरोगाओं को लाइन हाजिर किया। अमांपुर में कोतवाली निरीक्षक के पद पर रामसिया मौर्य को तैनाती दी गई है।
कस्बे के बाजार में होली महोत्सव के दौरान 19 मार्च को दोपहर के समय डीजे पर नाचते, गाते गुलाल उड़ाते समय लोगों पर दूसरे गुट ने हमला बोल दिया। इस मामले में 13 आरोपियों को नामजद किया गया और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट आदि की संगीन धाराओं में मामला पंजीकृत किया। संघर्ष की इस घटना में आयोजन से जुड़े कई व्यापारी चुटैल हुए। इस मामले को लेकर रविवार को व्यापारियों को थाने में घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। दुकानें बंद रखकर धरना दिया। कार्रवाई का भरोसा पुलिस अधिकारियों द्वारा देने पर आक्रोश शांत हुआ। इस मामले को एसपी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कोतवाली निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मियों की लापरवाही देखते हुए कड़ी कार्रवाई की। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, एसएसआई भंवर सिंह, एसआई सुरेश चंद्र शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया और उनके स्थान पर चुनाव प्रकोष्ठ के प्रभारी रामसिया मौर्य को अमांपुर का थाना प्रभारी बनाया है।