योगी सरकार पर अखिलेश का निशाना: कहा- जब पुलिस लाउडस्पीकर हटाएगी तो जनता की सुरक्षा कब करेगी
कानून व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष अखिलश यादव ने योगी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस लाउडस्पीकर हटाएगी तो कानून व्यवस्था पर काम कब करेगी। शामली में एक सभासद की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि आज पेट्रोल, डीजल, सीमेंट, सरिया सब महंगा हो गया है। आम आदमी लगातार बढ़ रही महंगाई से परेशान है। बेरोजगारों के लिए रोजगार नहीं है। युवाओं के लिए नौकरी नहीं है। सरकार लाउडस्पीकर हटवाने में व्यस्त है। जब पुलिस लाउडस्पीकर हटवाएगी तो आम आदमी की सुरक्षा कब करेगी। अखिलेश यादव गुरुवार को मैनपुरी के गांव नगला मोती में एक निजी कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार लाउडस्पीकर हटवाने के नाम पर लोगों का ध्यान महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजागारी से हटा रही है, जिसमें सरकार सफल भी होती जा रही है। किसान का गेहूं सरकारी खरीद केंद्रों पर नहीं खरीदा जा रहा है। बड़े व्यापारी किसान का गेहूं आढ़तियों के माध्यम से खरीद रहे हैं। इससे बाजार में पैकेट में बिकने वाला आटा कुछ समय में ही महंगा हो जाएगा। सपा ने इसका विरोध भी किया है।
उन्होंने कहा कि एनडी तिवारी ने उत्तराखंड में और मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश में कई फैक्टरियों का उद्घाटन किया। उत्तराखंड तो विकास की दिशा में आगे बढ़ गया, लेकिन सरकारों की गलत नीतियों से उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में आगे नहीं बढ़ सका है।
'हिंदू-मुस्लिम को बांटकर बहकाने में लगी है भाजपा'
नेता विरोधी दल ने कहा कि भाजपा सरकार हिंदू-मुस्लिम को बांटकर बहकाने में लगी है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए युवा आगे आएं। एकजुटता दिखाकर बहकावे में नहीं आएं। भाजपा का नया चुनाव चिन्ह बुलडोजर जाति देखकर ही चल रहा है। गरीबों की जमीन पर चल रहे बुलडोजर का गरीबों को मुआवजा मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री की जाति वालों पर बुलडोजर नहीं चल रहा है।
'हम हारे नहीं, बेईमानी से सरकार छीन ली है'
अखिलेश यादव ने कहा कि हम (सपा) हारे नहीं हैं, हम लोगों से भाजपा वालों ने बेईमानी से सरकार छीन ली है। अगर साढ़े तीन लाख वोट और ज्यादा होते तो समाजवादी सरकार ही प्रदेश में होती। प्रदेश की जनता 2024 और 2027 के चुनाव का इंतजार कर रही है।
बच्चों से मिले अखिलेश
कुर्रा क्षेत्र से सैफई वापस लौटते वक्त अखिलेश यादव विकास खंड करहल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पशूपुर में बच्चों को देखकर रुक गए। उन्होंने कक्षा में जाकर बच्चों ने मुलाकात की। यहां उन्होंने बच्चों और शिक्षकों से पढ़ाई के बारे में पूछा। इसके बाद मिठाई और चॉकलेट वितरित की। पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर बच्चे काफी खुश नजर आए।