कासगंज। जिले में आफत बनकर आई बारिश ने सब्जियों को उगने से पहले ही खेतों में बर्बाद कर दिया। इससे किसान मुश्किल में हैं। अब किसानों को फिर से फसल बोने के लिए खाद, बीज खरीदने की चिंता सता रही है। वहीं बाजार में सब्जियों की कीमतों में आए दोगुने तक उछाल ने आम लोगों को भी चिंता में डाल दिया है।
जिले में सब्जियों की खेती तीनों सीजन में की जाती है। इस समय खरीफ के तहत सब्जियाें का सीजन चल रहा है। इस सीजन के तहत खेतों में गोभी, मूली, लौकी, तोरई, बैंगन, भिंडी, टमाटर की फसल बाजार में आ रही है। रवी के तहत किसानों ने खेतों में मेथी, गाजर, गोभी, भिंडी, बैगन, टमाटर, पालक की फसल बोई थी। छह दिन की बारिश ने रवी के तहत बोई गईं सब्जियों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। किसानों को अब इनकी नए सिरे से फसल बोनी पड़ेगी। अभी खरीफ के तहत बोई गईं सब्जियां बाजार में आ रही थीं। यह बारिश से प्रभावित हो गईं। इससे इनकी पैदावार पर काफी असर पड़ा। तमाम सब्जियां खेतों में ही नष्ट हो गईं। इनकी बाजार में आवक कम होने से कीमतें आसमान छूने लगी हैं।