आगरा: जाम की समस्या करने के प्रयास, 10 प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद रही यातायात पुलिस
शहर के 10 प्रमुख चौराहों पर गुरुवार को थाना पुलिस के साथ ही यातायात पुलिस मुस्तैद नजर आई। नई व्यवस्था की स्थिति जानने के लिए अमर उजाला के पांच रिपोर्टरों ने पांच चौराहों का रियलटी चेक किया। बोदला और बिजलीघर चौराहे पर जाम से राहत नजर आई। रामबाग और वाटरवर्क्स पर ऑटो और बसों से जाम लगा रहा। हरीपर्वत पर एंबुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर नहीं मिल सका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरुवार को दोपहर 3:20 बजे फिरोजाबाद से गंभीर मरीज को लेकर आई एंबुलेंस हरीपर्वत चौराहे पर होटल हॉलीडे इन के सामने लाल बत्ती पर रुकी। एंबुलेंस सायरन बजाती रही। 115 सेकंड की लाल बत्ती देख एंबुलेंस के ड्राइवर ने पीछे और दाएं, बाएं कर निकलने का प्रयास किया, लेकिन किसी लेन में जगह नहीं मिली। चौराहे पर दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी खड़े थे, जो सायरन की आवाज सुनते रहे। इधर, एंबुलेंस में बैठे तीमारदारों की परेशानी हर सेकंड बढ़ रही थी। चौराहे पर स्मार्ट सिटी का इंटेलिजेंट सिस्टम एंबुलेंस के लिए लाल से हरी बत्ती पर नहीं हो पाया। काउंट पूरे होने के बाद जब चौराहे पर ट्रैफिक लाइट हरी हुई, तब एंबुलेंस ने दिल्ली गेट के अस्पताल का रुख किया।
बिजलीघर चौराहा: ट्रैफिक लाइट बंद, ऑटो 50 मीटर दूर
दोपहर दो बजे चौराहे पर अतिक्रमण नहीं था। न ऑटो खड़े और न ही ठेल ढकेल। ट्रैफिक सिग्नल बंद थे। सीसीटीवी का एक कैमरा झुका हुआ था। छीपीटोला की तरफ जाने वाले रास्ते पर ऑटो खड़े थे। इनकी दूरी चौराहे से तकरीबन 50 मीटर थी। यही स्थिति मंटोला, बालूगंज, आगरा फोर्ट स्टेशन और आगरा किला की तरफ जाने वाले मार्ग की थी। जाम नहीं लगे, उसके लिए पुलिसकर्मी तैनात थे।
बोदला चौराहा: चौकी के पास अतिक्रमण
दोपहर ढाई बजे बोदला चौराहे पर वाहन आसानी से निकल रहे थे। यहां पर पुलिस चौकी का बूथ सड़क किनारे पर बना है। इसके पास ही अतिक्रमण के हालात हैं। चौराहे पर लगी ट्रैफिक लाइट बंद पड़ी हैं। बोदला से शाहगंज जाने वाले मार्ग पर 50 मीटर दूर ऑटो खड़े हैं। इस मार्ग पर गंगाजल पाइपलाइन डाले जाने की वजह से सड़क खोदी गई थी, जो कि पाइपलाइन डाले जाने के बाद भी नहीं बन सकी है।
शाम के चार बजे चौराहे पर ट्रैफिक लाइट बंद थी। दुकानों और अस्पताल के बाहर वाहनों की लाइन लगी थी। वाहनों का दबाव अधिक होने की वजह से एंबुलेंस भी जाम में फंस रही थीं। यह स्थिति मदिया कटरा तक थी। हालांकि कुछ देर बाद पुलिसकर्मी आए। उन्होंने वाहनों को हटाना शुरू कर दिया। नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान तक किए गए।
वाटरवर्क्स: फ्लाईओवर पर जाम
दोपहर में एक बजे। पुलिसकर्मी तैनात थे। चौराहे पर भगवान टाकीज से रामबाग की तरफ जाने वाले मार्ग पर बस रुक रही थीं। इनके पीछे ऑटो खड़े हुए थे। वहीं ट्रैफिक लाइट भी बंद पड़ी थीं। फ्लाईओवर की ढलान के पास ही बसों में बैठने के लिए लोग खड़े हुए थे। यहां पर वाहन भी रुक रहे थे। इससे दोनों तरफ के मार्ग पर जाम लग रहा था। इसे खुलवाने के लिए कोई पुलिसकर्मी नहीं।
एंबुलेंस निकालने के लिए व्यवस्था
स्मार्ट सिटी के पीएमसी लीडर आनंद मेनन के मुताबिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंट कैमरों के जरिए हरीपर्वत समेत दस चौराहों पर ट्रैफिक का लोड और समय का आकलन किया जाएगा। ऑटोमेटिक कैमरे अपने आप भीड़ देखकर समय कम और ज्यादा कर पाएंगे। एंबुलेंस निकालने के लिए दो व्यवस्थाएं हैं, जिनमें चौराहे पर तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर खुद लाल बत्ती से हरी बत्ती कर सकते हैं, वहीं पैनिक बटन दबाकर वह कमांड सेंटर से भी ट्रैफिक लाइट बदलने को कह सकते हैं।
स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का काम करने वाली कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) पर ट्रैफिक लाइट और कैमरे खराब होने पर निखिल टी फुंडे ने 7.61 करोड़ रुपये का जुर्माना किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी के सीएमडी को भी पत्र लिखकर लापरवाही की जानकारी दी गई है और बंद कैमरों का संचालन तत्काल शुरू करने और व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कहा गया है। बीईएल पर तीन बार यह जुर्माना किया गया है। इसमें पहली बार 28 लाख रुपये, दूसरी बार 1.68 करोड़ रुपये और तीसरी बार 5.65 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
दौड़े अधिकारी, अतिक्रमण और वाहनों की पार्किंग रोकने के निर्देश
आईजी नवीन अरोरा के निर्देश के बाद सीओ, एसपी से लेकर एसएसपी मुनिराज जी पीक आवर्स में चौराहों पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए कवायद करने निकले। शाम तकरीबन 5:30 बजे से लेकर सात बजे तक अधिकारी चिह्नित दस चौराहों पर रहे। इस दौरान अतिक्रमण हटवाने, वाहनों की पार्किंग रोकने, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले पोल हटवाने, फुटपाथ छोटे करने संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए।
चिह्नित चौराहे और अधिकारी
हरीपर्वत पर एसपी सिटी विकास कुमार, वाटरवर्क्स पर एसपी ग्रामीण पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता, भगवान टाकीज पर एसपी ग्रामीण पूर्वी के. वेंकट अशोक, देहली गेट पर एएसपी हरीपर्वत लखन कुमार, राजपुर चुंगी तिराहा पर सीओ फतेहाबाद सत्य नरायण, खेरिया मोड़ पर सीओ अछनेरा महेश कुमार, बिजलीघर चौराहे पर सीओ छत्ता दीक्षा सिंह, मधुनगर चौराहे पर सीओ सदर राजीव कुमार, रामबाग चौराहे पर सीओ एत्मादपुर रवि कुमार गुप्ता और बोदला चौराहे पर सीओ यातायात की ड्यूटी लगाई गई।
देहली गेट से अतिक्रमण हटवाया
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि सड़कों पर जाम नहीं लगे, उसके लिए स्थानीय थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को निर्देशित कर दिया गया है। पीक आवर्स में चौराहों पर जाम की समस्या और उनके निदान के लिए अधिकारियों ने भ्रमण किया। देहली गेट से अतिक्रमण हटवाया गया। जिन चौराहों पर सड़क नहीं बनी है, गड्ढे हैं, खंभे से रास्ता अवरुद्ध है, वहां समस्या के निदान के लिए निर्देशित किया गया।
आगरा: जाम की समस्या खत्म करने के लिए एक्शन प्लान तैयार, आईजी ने चिन्हित किए 10 चौराहे