Agra Encounter: व्यापारी को लूटने की फिराक में थे बदमाश, तभी पहुंच गई पुलिस; फायरिंग में एक बदमाश को लगी गोली
एसओजी नगर जोन एवं सर्विलांस टीम नगर जोन द्वारा संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए थाना सदर क्षेत्र में व्यापारी के साथ लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। खुद को पुलिस टीम से घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुआ पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं उसके साथी ने खुद व खुद हथियार डाल दिए। पुलिस ने दोनों बदमाशों को हिरासत में लिया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए एसएन में भर्ती कराया गया है।
यहां का है मामला
थाना हरीपर्वत पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई की दो हथियारबंद बदमाश जो कि पूर्व में भी लूट चोरी डकैती में जेल जा चुके हैं। हथियारों के बल पर सदर क्षेत्र में एक व्यापारी को लूटने के इरादे से ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से निकलकर जा रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस द्वारा घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें दोनों बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर किया। पुलिस ने जवाबी फायर शुरू कर दिए, जिससे एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं उसके दूसरे साथी ने खुद ही हथियार डाल दिए।
ये भी पढ़ें - UP: महज दो लाख रुपये के लिए मुड़वा दिया पत्नी का सिर, हैवान पति यहीं नहीं रुका..., फिर की शर्मनाक हरकत
एसएन में कराया गया भर्ती
घायल बदमाश का नाम प्रमोद पुत्र रामबाबू निवासी लखनपुर थाना सिकंदरा और उसके साथी का नाम सुरेंद्र सिंह पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी प्रकाश नगर थाना शाहगंज है। पुलिस ने उनके कब्जे से तंमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। वहीं घायल प्रमोद को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रमोद के विरूद्ध लूट, चोरी और डकैती के लगभग 30 अभियोग अलग-अलग जनपदों में दर्ज हैं। प्रमोद थाना सिकन्दरा का हिस्ट्रीशीटर है।