फतेहपुर सीकरी। राधिका गार्डन में रविवार को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद का प्रांतीय सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली से पहुंचे सैकड़ों वैश्य समाज के लोगों ने राजनीतिक भागीदारी को लेकर हुंकार भरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने कहा कि जब तक गुस्सा नहीं दिखाओगे, कुछ नहीं मिलेगा। वैश्य समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी चाहिए, तो सभी उपवर्गों को अपने आपसी मतभेद और वर्ग भेद भुलाकर एकजुट होना होगा। संगठित होकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करने पर ही राजनीतिक दल समाज की बात सुनेंगे। सत्ता में उचित भागीदारी हासिल करने के लिए वैश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर आना होगा। वक्ताओं ने कहा कि अब समाज को एकजुट होकर राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए संघर्ष करना होगा। सम्मेलन में आगरा जिले की आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण, खेरागढ़ और फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीटों पर वैश्य समाज के प्रत्याशी उतारने की मांग उठाई गई। सम्मेलन में फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से पूर्व अध्यक्ष त्रिलोकचंद मित्तल को चुनाव लड़ाने की मांग भी उठी। इस दौरान प्रमोद गुप्ता, कुलदीप गर्ग जगनेर चेयरमैन, सुधीर गर्ग खेरागढ़ चेयरमैन, विनोद अग्रवाल किरावली, त्रिलोकचंद मित्तल, अंजुल गोयल, हरिओम अग्रवाल, दिनेश गोयल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, सतीश चंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद