आगरा तिहरा हत्याकांड : मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली, एक सिपाही भी घायल
- एत्माद्दौला के नगला किशनलाल में परचून दुकानदार 55 वर्षीय रामवीर, उनकी पत्नी मीरा और बेटा बबलू की हत्या कर दी गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में रविवार रात को हुए तिहरे हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को पकड़ा है। दोनों के पैर में गोली लगी है। एक सिपाही भी घायल हुआ है। तिहरे हत्याकांड में तीन लोग शामिल थे। तीसरा आरोपी फरार है।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि प्राथमिक जानकारी में तिहरे हत्याकांड के पीछे तीन लाख रुपये का विवाद सामने आया है। वारदात में तीन आरोपी शामिल थे। इनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी नगला किशनलाल के सुभाष और वकील हैं। सुभाष से रामवीर जाटव ने तीन लाख रुपये लिए थे।
संबंधित खबर- आगरा : परचून व्यापारी दंपती और बेटे की नृशंस हत्या, घर के अंदर ही शव जलाने की कोशिश
सुभाष रुपये वापस मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक तमंचा, एक पिस्टल, एक बाइक और एक बैग बरामद हुआ है। मुठभेड़ में एक सिपाही अनूप भी घायल हो गया। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेवरात और 80 हजार रुपये लूटे
पुलिस का कहना है कि तिहरे हत्याकांड में सुभाष का भाई गजेंद्र भी शामिल था। वो फरार है। आरोपियों को सूचना थी कि रामवीर के घर में पांच लाख रुपये रखे हुए हैं। इसलिए वो घटना करने आए थे। हत्या के बाद आरोपी रामवीर के घर से कुछ जेवरात और 80 हजार रुपए लूट ले गए थे।
एत्माद्दौला के नगला किशनलाल में परचून दुकानदार 55 वर्षीय रामवीर, उनकी पत्नी मीरा और बेटा बबलू के अधजले शव घर में मिले थे। रविवार रात को तीनों की हत्या हुई थी। इसके बाद घरों में शवों को जलाने का प्रयास किया गया। सोमवार सुबह घटना का पता चला जब पड़ोस के लोग दुकान पर आए।