आगरा नगर निगम का 604 करोड़ रुपये का बजट हुआ पारित, जानिए क्या-क्या होंगे काम
- आगरा में साल 2020-21 के पुनरीक्षित बजट पर शुक्रवार को नगर निगम में कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में चर्चा के बाद 604 करोड़ रुपये का बजट पारित कर दिया। यह पिछले साल से 10 करोड़ रुपये ज्यादा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बजट के साथ 14वें अधिवेशन की बैठक में कार्यकारिणी में प्रस्ताव पास हुआ कि शहर के सभी मुख्य बाजारों की सफाई रात में की जाएगी। इसके अलावा इंदिरापुरम में 100 फुटा रोड चौराहे पर भगवान परशुराम की प्रतिमा लगाने और आवास विकास कॉलोनी में कैला देवी चौराहे का नाम परशुराम चौक करने और फरसा स्थापित करने का प्रस्ताव पास कर दिया।
सफाई बजट पर चर्चा करने के दौरान पार्षदों ने यह मुद्दा उठाया कि शहर के मुख्य बाजारों में सुबह सफाई के बाद शाम तक फिर गंदगी के अंबार लग जाते हैं। इस पर मेयर नवीन जैन ने नगर निगम अधिकारियों को उन मुख्य बाजारों को चिह्नित कर दुकान बंद होने के बाद रात्रिकालीन सफाई के लिए निर्देश दिए।
शहर में राजामंडी समेत कुछ बाजारों में रात में सफाई हो रही है, लेकिन इसे अन्य बाजारों में बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस प्रस्ताव को पास कर दिया गया। 14वें अधिवेशन की बैठक की अध्यक्षता मेयर नवीन जैन ने की। बैठक में 3 घंटे चर्चा के बाद वर्ष 2020-21 के लिए 604 करोड़ के आय-व्यय का बजट पारित किया गया जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 10 करोड़ रुपए अधिक है।
विश्वविद्यालय के गेट पर बनेगा शौचालय
विश्वविद्यालय के गेट के बाहर छात्राओं की सुविधा के लिए टॉयलेट बनाने, यूनीपोल से कमाई बढ़ाने और रात में सफाई कराने के पार्षदों द्वारा लाए गए प्रस्ताव भी पारित किए गए।
पार्षदों के लिए हो गया टूर का इंतजाम
बीते साल फरवरी में गोवा स्टडी टूर पर जा चुके पार्षदों के लिए इस बार भी टूर का इंतजाम हो गया। कार्यकारिणी में चर्चा हुई कि यूनीपोल और विज्ञापन से कमाई के तरीके जानने के लिए पार्षदों की टीमें बंगलुरू, इंदौर, सूरत जैसे महानगरों में जाएंगी और वहां खूबसूरत विज्ञापन और उससे होने वाली आय पर रिपोर्ट देंगी।
चौराहों, शेल्टर होम में शुरू कराएं हीटर
कार्यकारिणी में मेयर नवीन जैन ने शेल्टर होम के साथ शहर में प्रमुख चौराहों पर जल्द गैस हीटर लगवाने के लिए कहा। शेल्टर होम में सभी व्यवस्थाएं करने के लिए अधिकारियों के लगातार निरीक्षण के निर्देश दिए। मेयर ने पार्षदों से भी कहा कि वह शेल्टर होम जाएं और देखें क्या कमियां हैं। शहर की गौशालाओं, गौ संरक्षण केंद्रों में पशुओं को सर्दी से बचाव के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
बीते साल 2019 दिसंबर में गठित नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्यों में से 6 सदस्य का कार्यकाल पूरा हो रहा है। कार्यकारी से सेवानिवृत्त होने वालों में पार्षद अमित कुमार, जितेंद्र सिंह, राजेश कुमार प्रजापति, राधिका अग्रवाल जैन, विमल गुप्ता, विवेक तोमर हैं। मेयर नवीन जैन और नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे के साथ अन्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों को माला पहनाकर विदाई दी। नए सदस्यों का चुनाव दिसंबर के अंत में होने वाले सदन में किया जाएगा।
नगर निगम सीमा में शामिल होगा कैलाश मंदिर
1. पालीवाल पार्क में यूनिवर्सिटी गेट के बाहर शौचालय का निर्माण कराने का प्रस्ताव पारित किया।
2. पार्षद राजेश प्रजापति ने कैलाश मंदिर को निगम सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव दिया। यह पारित हो गया।
3. पार्षद जगदीश पचौरी ने इंदिरापुरम में 6 फुट ऊंची भगवान परशुराम प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव रखा।
4. पार्षद राजेश प्रजापति ने कैलादेवी चौराहे का नाम भगवान परशुराम चौक रखने का प्रस्ताव दिया।
5. चौक पर भगवान परशुराम की स्मृति में फरसा स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
6. पार्षद राधिका जैन ने छीपीटोला चौराहे का नाम भगवान महावीर स्वामी चौक रखने का प्रस्ताव दिया।
7. आवास विकास में कैलादेवी पत्थर टाल मार्ग का नाम साहित्यकार स्व. सुरेश सारंग के नाम पर रखा जाएगा।
8. पार्षद जगदीश पचौरी ने 3 साल से एक पटल पर जमे कर्मचारियों के पटल परिवर्तन का प्रस्ताव दिया।
9. पार्षद श्यामवीर सिंह ने शिलान्यास वाले निर्माण कार्यों का काम तुरंत शुरू कराने का प्रस्ताव पेश किया।
10. पार्षद जितेंद्र सिंह ने अवैध होर्डिंग पर रोक लगाने और अभियान चलाकर हटाने का प्रस्ताव पेश किया।