आगरा: नहीं हो रहा समस्या का समाधान तो सोमवार को 'मेयर को बोलो', इस नंबर पर करें शिकायत
आगरा में शिकायतों के समाधान न होने से परेशान लोगों के लिए मेयर नवीन जैन ने नई पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए ‘मेयर को बोलो’ कार्यक्रम की शुरुआत की, जो हर सोमवार को दोपहर 3 से 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में नगर निगम की सेवाओं को पाने में जिन लोगों को परेशानी आ रही है, वे अपनी शिकायतें फोन नंबर 0562-2551600 पर कर सकते हैं। मेयर नवीन जैन ने लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए ‘मेयर को बोलो, समस्या का समाधान पाओ’ नाम से पहल की है। सफाई, सीवर, स्ट्रीट लाइट, टैक्स, पानी, जलभराव, जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र आदि की शिकायतें मेयर को बोलो कार्यक्रम में की जा सकती हैं।
मेयर नवीन जैन ने बताया कि चारों जोनल कार्यालय बनाने के बाद जो समस्याएं, शिकायतें आईं, उनका निस्तारण हुआ या नहीं, इसका औचक निरीक्षण किया जाएगा। ‘मेयर को बोलो’ कार्यक्रम में जो शिकायतें आएंगी, उन्हें दर्ज किया जाएगा। मेयर के साथ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, चीफ इंजीनियर, जोनल प्रभारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी इसमें मौजूद रहेंगे।
मेयर ने शहर के लोगों से कहा कि जोनल कार्यालय पर शिकायत जरूर दर्ज कराएं। तय अवधि में ये शिकायतें दूर हों, इसलिए वह खुद चेक करेंगे और संबंधित अधिकारी से तय समय में समाधान कराएंगे। मेयर ने शुक्रवार को पीएम के जन्म दिन से सप्ताह भर का विशेष सफाई अभियान भी शुरू किया।
फोन कर मुझे बताएं समस्याएं
मेयर नवीन जैन ने कहा कि जोनल कार्यालयों के जरिए सुविधाओं को हम लोगों के घर तक लाए हैं। अब शिकायतों पर अगर नगर निगम अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे तो हर सप्ताह मुझे फोन करके बताएं, निराकरण अवश्य होगा। इसमें हर अधिकारी मेरे साथ होगा। कोशिश होगी कि दोबारा किसी को भी शिकायत करने का मौका न दिया जाए।
अगले माह लोकसभा अध्यक्ष से मिलेंगे देशभर के मेयर
मेयर नवीन जैन ने बताया कि देश के सभी मेयर पहली बार लोकसभा में लोकसभा अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। अगले माह लोकसभा अध्यक्ष के साथ बैठक प्रस्तावित है। लोकसभा अध्यक्ष मेयरों के साथ बैठक कर उनके साथ विकास और सदन की कार्रवाई को लेकर बात करेंगे। उसके बाद 74वें संविधान संशोधन की मांग को लेकर महापौरों का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेगा।