Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Agra Mathura Highway No Entry Heavy Vehicle Ban Brings Traffic Relief to Agra Residents

जिंदगी से महंगा टोल?: ट्रांसपोर्टरों की मांग पर पर भड़के शहरवासी, हाईवे पर दिन में नो एंट्री से मिली राहत

Sun, 29 Nov 2026 11:44 AM IST
Arun Parashar अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा Published by: Arun Parashar Updated Sun, 29 Nov 2026 11:44 AM IST
सार

हाईवे पर दिन में भारी वाहनों की नो एंट्री से लोगों को राहत मिली है। लेकिन टोल का हवाला देकर ट्रांसपोर्टर शहर के बीच से हाईवे पर भारी वाहन गुजारने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर शहरवासियों ने आक्रोश जताया है। 

विज्ञापन
Agra Mathura Highway No Entry Heavy Vehicle Ban Brings Traffic Relief to Agra Residents
हाईवे पर शहर के एंट्री पॉइंट पर नो एंट्री बैरियर की जांच करने पहुंचे डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्रनाथ और - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

अमर उजाला के अभियान के बाद आगरा-मथुरा हाईवे पर दिन के समय भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। कमिश्नरेट पुलिस के इस कदम से स्कूली बच्चों, अभिभावकों और नौकरीपेशा लोगों ने राहत की सांस ली है। शहर की करीब 25 लाख आबादी के मन से अब दिन के समय होने वाले सड़क हादसों का खौफ कम हो रहा है।
विज्ञापन


आगरा पुलिस के नो-एंट्री लागू करने के फैसले की हर वर्ग सराहना कर रहा है। कुछ ट्रांसपोर्टर अपने निजी लाभ के लिए टोल शुल्क का हवाला देकर उत्तरी बाईपास के बजाय शहर के भीतर से भारी वाहन गुजारने की मांग कर रहे हैं। ट्रांसपोर्टरों की इस जिद पर आगरा के सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारिक संगठनों और आम लोगों ने कड़ा आक्रोश जताया है।
विज्ञापन


 
Trending Videos

शहरवासियों का दो-टूक कहना है कि चंद रुपये का टोल बचाने के लिए लाखों लोगों की जान जोखिम में डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती। लोगों की जिंदगी से महंगा कुछ भी नहीं है। इस हाईवे पर पिछले 10 माह में 111 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। शहर का एक भी ट्रांसपोर्टर ऐसे परिवार की मदद के लिए आगे नहीं आया। यदि ट्रांसपोर्टरों को उत्तरी बाईपास का टोल अधिक लगता है तो उन्हें इसके लिए केंद्र सरकार, सड़क परिवहन मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संवाद करना चाहिए, न कि शहर में नो-एंट्री खुलवाने का दबाव बनाना चाहिए।

 
विज्ञापन

लखनऊ-कानपुर की तर्ज पर जारी रहे सख्ती
राज्य सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर रिंग रोड और उत्तरी बाईपास का निर्माण इसीलिए कराया है ताकि भारी वाहन शहर के बाहर से ही निकल सकें। देश के तमाम छोटे शहरों में रिंग रोड बन रहे हैं, जिससे शहर में यातायात का दबाव न हो। आगरा जैसे प्रमुख पर्यटक शहर के बीच से ट्रांसपोर्टर चंद रुपये के लिए भारी वाहन क्यों गुजारने पर आमादा हैं? लखनऊ और कानपुर जैसे महानगरों में पहले से ही दिन के समय नो-एंट्री व्यवस्था पूरी सख्ती से लागू है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि जनहित के इस फैसले पर अडिग रहते हुए नो-एंट्री का कड़ाई से पालन कराया जाए।

 
विज्ञापन

नो एंट्री का होगा प्रभावी पालन, डीसीपी ने किया निरीक्षण
नेशनल हाईवे पर रैपुरा जाट, दक्षिणी बाईपास से कुबेरपुर कट तक नो एंट्री लागू की गई है। तड़के 5 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। इसके लिए यातायात पुलिस तैनात की गई है। इसकी मॉनीटरिंग अधिकारी भी कर रहे हैं। शनिवार को डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्र नाथ और एडीसीपी अलका सिंह ने एंट्री पॉइंट का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि वह चालकों को परिवर्तित मार्ग से जाने के लिए जागरूक करें। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में आगरा महानगर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नो एंट्री लागू की है।

 

यह व्यवस्था न होने की वजह से शहर की 25 लाख की आबादी को जाम से परेशान होना पड़ता था। अमर उजाला ने भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए अभियान चलाया। इस पर पुलिस प्रशासन को महत्वपूर्ण कदम उठाना पड़ा। शनिवार को पुलिस उपायुक्त यातायात ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह ने प्रमुख मार्गों एवं नो-एंट्री पॉइंट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रैपुरा जाट, कुबेरपुर, खंदौली कट, टेढ़ी बगिया-जलेसर रोड एवं रुनकता फ्लाईओवर सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीसीपी ने यातायात के सुचारु संचालन, नो-एंट्री व्यवस्था के प्रभावी अनुपालन एवं लोगों के सुरक्षित आवागमन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि वाहन चालकों को जागरूक करें। उन्हें परिवर्तित मार्ग की जानकारी दें।

ट्रांसपोर्टरों को समझना चाहिए
अमर उजाला की वजह से नो-एंट्री से लोगों को बड़ी राहत मिली है। एनएचएआई को रैपुरा जाट से पहले इसके लिए साइन बोर्ड भी लगाने चाहिए। ट्रांसपोर्टरों को भी समझना चाहिए कि किसी की जान से बड़ा पैसा नहीं है। -डॉ. हरेंद्र गुप्ता अध्यक्ष आईएमए

भारी वाहनों के दिन में शहर में प्रवेश पर रोक से काफी हद तक जाम से निजात मिली है। कारोबारियों को भी बड़ी राहत है। जाम में कर्मचारी फंसते थे जिससे उत्पादन प्रभावित होता था। भारी वाहन रात में आ-जा सकते हैं। -राजेश खुराना, जिलाध्यक्ष फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल

हाईवे पर आए दिन एंबुलेंस और मरीज फंसे रहते हैं। हादसों में लोगों की जान भी चली जाती है। चिकित्सक और स्टाफ को भी हादसों का डर सताता है। नो-एंट्री शहर के लिए बेहतर है। जरूरी होने पर ट्रांसपोर्टर हल्के वाहनों में सामान ला सकते हैं। -डॉ. पंकज नगायच, पूर्व अध्यक्ष आईएमए

छात्र और कामकाजी लोग भी हाईवे से गुजरते हैं। भारी वाहनों से आए दिन जाम लगता था। हादसों का खतरा अलग से था। ट्रांसपोर्टरों को नो-एंट्री दिन में खुलवाने की जिद छोड़ देनी चाहिए। -डॉ. अमरीश अग्रवाल, जयपुर हाउस

हाईवे पर भारी वाहनों से जाम लगता है और हादसे भी बढ़ गए थे। दिन में नो एंट्री लोगों के लिए बड़ी राहत वाला है। अमर उजाला ने यह अभियान चलाकर शहर को प्रदूषण और जाम से बचाया है। ट्रांसपोर्टरों को नो एंट्री का विरोध नहीं करना चाहिए। -सौरभ चौधरी, दयालबाग

अमर उजाला ने जनता की परेशानी समझी और उत्तरी बाईपास से वाहन निकाले जाने के लिए अभियान चलाया। जनहित और तार्किक होने के कारण ही पुलिस-प्रशासन ने इसको लागू किया है। ट्रांसपोर्टर के भारी वाहनों के लिए रात में छह घंटे नो एंट्री खोली गई है। -निधि अग्रवाल, संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल

किसी की जान की कीमत से ज्यादा टोल महत्वपूर्ण नहीं हो सकता। ट्रांसपोर्टरों से निवेदन है कि वह शहर के भीतर से होकर गुजरने की जिद न करें और अपने शहर के लोगों की सुरक्षा में योगदान दें। शासन से भी अपील है कि वह टोल कम करें ताकि ट्रांसपोर्टरों पर बोझ न पड़े। -पंकज पाठक, अधिवक्ता
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed