आगरा में 43 लाख रुपये की लूट का मामला: चालक गिरफ्तार, इनामी जीएसटी अधिकारी अब भी फरार
आगरा के जीएसटी अधिकारियों पर मथुरा के चांदी कारोबारी से 43 लाख रुपये लूटने का आरोप है। इस मामले में थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में चांदी कारोबारी से 43 लाख रुपये की लूट के केस में वाणिज्य कर के फरार अधिकारियों की निजी गाड़ी का चालक दिनेश कुमार सोमवार रात को एसटीएफ और थाना लोहामंडी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फरार असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार और वाणिज्य कर अधिकारी शैलेंद्र कुमार अब तक फरार हैं। पुलिस दोनों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
मथुरा के गोविंद नगर निवासी प्रदीप अग्रवाल 30 अप्रैल को बिहार से चांदी के जेवरात बेचकर मथुरा लौट रहे थे। इसी दौरान लखनऊ एक्सप्रेसवे के फतेहाबाद टोल पर कारोबारी की गाड़ी को वाणिज्यकर अधिकारियों और कर्मचारियों ने रोक लिया था। आरोप है कि कारोबारी को जयपुर हाउस स्थित ऑफिस ले जाकर बैग में रखे 43 लाख रुपये लूट लिए थे।
व्यापारी ने शिकायत की थी। इस पर विभागीय जांच हुई। इसके बाद 12 मई को लोहामंडी थाने में अमानत में ख्यानत की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। वाणिज्यकर कमिश्नर मिनिस्ती एस के पत्र के बाद मुकदमे में अधिकारियों को नामजद किया गया। इसमें असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर अजय कुमार, वाणिज्य कर अधिकारी शैलेंद्र कुमार, सिपाही संजीव कुमार और अधिकारियों के निजी चालक दिनेश कुमार को नामजद किया।
विवेचना सीओ सदर राजीव कुमार कर रहे हैं। विभागीय जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमे में लूट और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं बढ़ा दी गईं। पुलिस ने सबसे पहले सिपाही संजीव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वाणिज्यकर अधिकारी और चालक फरार थे। एसएसपी मुनिराज जी ने आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार यादव ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली थी कि चालक दिनेश कुमार मिढ़ाकुर में शराब के ठेके पर खड़ा है। इस पर पुलिस और एसटीएफ ने घेराबंदी कर ली। इसके बाद दिनेश को पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त बोलेरो भी बरामद कर ली। आरोपी को मंगलवार को मेरठ कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थनापत्र दिया
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी अधिकारी शैलेंद्र कुमार और अजय कुमार ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थनापत्र दिया है। इस पर सुनवाई होना बाकी है।