आगरा: विश्वविद्यालय ने भेजा 289 करोड़ रुपये का प्रस्ताव, मिनी स्टेडियम भी बनेगा
शासन को भेजे गए प्रस्ताव में विश्वविद्यालय के छलेसर परिसर में 100 करोड़ रुपये की प्रस्तावित लागत का मिनी स्टेडियम बनाना भी शामिल है। बहुउद्देश्यीय हाल बनाने की भी योजना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति लागू करने की कड़ी में शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए शासन को करीब 289 करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे हैं। इनमें एक प्रस्ताव खंदारी परिसर में एक बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण का है। इसकी प्रस्तावित लागत करीब 60 करोड़ रुपये है।
सत्र 2021-22 का बजट स्वीकृत करने के लिए शासन स्तर से विश्वविद्यालय से प्रस्ताव मांगे गए थे। प्रस्ताव तैयार करने के लिए कुलपति प्रो. अशोक मित्तल की ओर से समन्वयक बनाए गए थे। समन्वयकों ने सभी विभागों से प्रस्ताव लेकर रिपोर्ट बनाई। 31 मई आखिरी तारीख निर्धारित की गई थी।
कुलपति के अनुमोदन के प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। आवासीय संस्थानों में आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने के लिए बनाई गई समिति में प्रो. वीके सारस्वत, प्रो. मनोज सारस्वत, प्रो. अनिल गुप्ता को रखा गया था।
प्रो. वीके सारस्वत ने बताया कि बहुउद्देश्यीय भवन चार मंजिला बनाने का प्रस्ताव है। भूतल पर 500 विद्यार्थियों की क्षमता का परीक्षा केंद्र, प्रथम तल पर कंप्यूटर लैब मूल्यांकन केंद्र, द्वितीय तल पर ऑनलाइन सेंट्रल लाइब्रेरी, तृतीय तल पर परीक्षकों और बाहर से आने वालों के रुकने की व्यवस्था की जानी है।
खेलकूद के आयोजन के लिए प्रो. बीडी शुक्ल, प्रो. अखिलेश सक्सेना को समन्वयक बनाया गया। इन्होंने छलेसर परिसर में मिनी स्टेडियम बनाने, छात्र और छात्राओं के लिए एक-एक हॉस्टल का प्रस्ताव दिया गया है। इसकी प्रस्तावित लागत 40 करोड़ रुपये है। लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम डेटा सेंटर के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया है।
एक अंतरराष्ट्रीय व दो राष्ट्रीय सेमिनार का प्रस्ताव रखा
सेमिनार और सिंपोजियम का प्रस्ताव देने के लिए प्रो. अजय तनेजा व प्रो. बीपी सिंह को समन्वयक बनाया गया था। प्रो. अजय तनेजा के मुताबिक तीन सेमिनार के आयोजन का प्रस्ताव दिया गया है। इसमें गणित विभाग की ओर से एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार व दो राष्ट्रीय सेमिनार आईटीएचएम व बॉटनी विभाग की ओर से कराए जाने हैं।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रस्ताव भी भेजा गया है
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रस्ताव तैयार करने के लिए प्रो. अजय तनेजा और प्रो. अनिल वर्मा को समन्वयक बनाया गया था। इनको तीन विभागों के प्रस्ताव हुए। दो प्रस्ताव भेजे जाने थे, इस पर कंप्यूटर साइंस विभाग और इतिहास विभाग के प्रस्ताव को चुना गया। केएमआई के भाषा विज्ञान विभाग की ओर से दिए प्रस्ताव को नहीं भेजा गया।
प्लेसमेंट सेल के लिए 50 लाख रुपये मांगे
विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट सेल की स्थापना भी की जानी है। इसके लिए 50 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया गया है। इसमें कंप्यूटर, साक्षात्कार कक्ष आदि सुविधाएं शामिल की जाएंगी। इसके लिए प्रो. ब्रजेश रावत, प्रो. यूएन शुक्ला को समन्वयक बनाया गया था।
अंतर विश्वविद्यालयीय युवोत्सव की मेजबानी मांगी
विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए अंतर विश्वविद्यालयीय युवोत्सव की मेजबानी मांगी है। इसमें विश्वविद्यालय के युवोत्सव में होने वाली सभी प्रतियोगिताएं कराई जानी है। इसके लिए समन्वयक प्रो. ब्रजेश रावत व प्रो. संतोष बिहारी शर्मा की ओर से करीब 30 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया गया है।