Agra Pollution: आगरा की हवा में फिर घुला 'जहर', देश का सातवां प्रदूषित शहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मकर संक्रांति पर ताजनगरी की हवा जहरीली हो गई। दो दिन से घने कोहरे के चलते प्रदूषक तत्वों के साथ मिलकर स्मॉग की चादर शहर पर नजर आई। गुरुवार को आगरा देश का सातवां प्रदूषित शहर रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 378 पर पहुंच गया।
गुरुवार को शहर में सूक्ष्म कणों, पार्टिकुलेट मैटर 2.5 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर की मात्रा अधिकतम 498 तक पहुंच गई जो इस साल सबसे ज्यादा है। सामान्य से 8 गुना ज्यादा रहे पीएम कणों का यह अधिकतम स्तर है। न केवल अधिकतम, बल्कि न्यूनतम स्तर भी सामान्य से 5 गुना यानी 315 पर रहा। पूरे दिन ही सूक्ष्म कण 2.5 माइक्रोग्राम 5 से 8 गुना के बीच बने रहे।
शहर में लगातार चल रही सीवर और पानी की पाइपलाइनों के लिए खोदाई के कारण धूल कणों की मात्रा में यह इजाफा हुआ। सिकंदरा, शास्त्रीपुरम, ईदगाह, पुरानी मंडी, फतेहाबाद रोड, आवास विकास कॉलोनी, विभव नगर, शाहगंज, आईएसबीटी, ट्रांसपोर्ट नगर में पीएम-10 कणों की मात्रा भी सामान्य से 8 से 9 गुना तक बनी रही।
देश के सबसे प्रदूषित शहर
शहर एक्यूआई
फरीदाबाद 447
दिल्ली/गाजियाबाद 429
नोएडा 412
गुवाहाटी 402
बहादुरगढ़ 394
बुलंदशहर 394
आगरा 378
मौसम: सूरज मेहरबान, शीतलहर ने किया परेशान
जहां एक तरफ मकर संक्रांति पर प्रदूषण बढ़ा, वहीं सूरज मेहरबान रहा। दिन में धूप निकली लेकिन शीतलहर भी तेजी से चली। आगरा प्रदेश में सातवां सर्द शहर रहा। पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उत्तर पश्चिमी सर्द हवा सितम ढा रही है। प्रदेश में सबसे सर्द शहर मेरठ रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पर है।
ताजनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह कोहरा छाया रहा, लेकिन 9 बजे के बाद जैसे जैसे धूप चढ़ती गई, कोहरा भी छंटता चला गया। दिन में पारा 21.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे है। दोपहर में धूप खिली रही, पर शाम को ठंड का प्रकोप बरकरार रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक शीतलहर बरकरार रहेगी और सुबह तापमान में कमी के आसार हैं। रविवार तक सुबह कोहरा छाया रह सकता है, वहीं कुछ जगह पाला पड़ने के भी आसार बने हुए हैं।