फिरोज़ाबाद के थाना मटसेना स्थित 43-किलोमीटर माइल स्टोन आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर अग्निपथ के विरोध में युवाओं ने जाम लगाया। इस दौरान वाहनों पर पथराव कर दिया गया। उत्तर प्रदेश परिवहन बस की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। जाम से एक्सप्रेस वे पर दोनों तरफ वाहनों की लगी लंबी-लंबी कतारें लग गईं। उधर हाईवे पर बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लाठी डंडे लेकर आए युवाओं ने जमकर उत्पात मचाया। रोडवेज की चार बसों में तोडफोड़ कर आग लगाने का प्रयास किया गया। बसों में सवार यात्रियों में तोड़फोड़ के दौरान चीख पुकार मच गई। ईंट पत्थर चलने से तीन यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर मौके से भाग निकले। यात्रियों को दूसरे वाहनों के माध्यम से पुलिस ने गंतव्य तक पहुंचाया।
2 of 5
क्षतिग्रस्त रोडवेज की बसें
- फोटो : अमर उजाला
घटनाक्रम शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे मटसेना थाना क्षेत्र से गुजर रहे आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे स्थित किलोमीटर 43 का है। सेना की भर्ती की तैयारी कर रहे युवा सुबह करीब पांच बजे एक्सप्रेस वे पर दौड़ लगाने के लिए पहुंचे थे, तभी उन्होंने 43 किलोमीटर पर रखे प्लास्टिक के डिवाइडरों को एक्सप्रेस वे पर रखकर जाम लगा दिया, जिस कारण आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बाधित हो गई। दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।
3 of 5
मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
वाहन चालक कुछ समझ पाते तब तक युवाओं ने लाठी डंडे और लोहे के पाइपों से रोडवेज बसों को तोड़ना शुरु कर दिया। बसों में सवार यात्रियों को उतरने तक का मौका नहीं मिल सका और उनमें चीख पुकार मच गई। वहीं प्रावइेट वाहन चालक और उनमें बैठे यात्री भी जान बचाकर एक्सप्रेस वे पर भागने को मजबूर हो गए। उपद्रवी करीब आधे घंटे तक एक्सप्रेस वे पर हंगामा करने के साथ ही रोडवेज बसों में तोड़फोड़ करते रहे।
4 of 5
क्षतिग्रस्त बस
- फोटो : अमर उजाला
सूचना पर एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के साथ सीओ सदर हीरालाल कनौजिया और एसडीएम सदर मनोज कुमार के साथ थानाध्यक्ष मटसेना संजुल पांडेय, थानाध्यक्ष नसीरपुर गगन गौड़ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस फोर्स को देख हमलावर युवक मौके से भाग गए। एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि अग्निपथ योजना के विरोध में युवा एक्सप्रेस वे पर उतरे थे। उन्होंने पथराव कर बसों में तोड़फोड़ की है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
5 of 5
Agneepath Scheme Protest
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं में आक्रोश भड़क रहा है। शुक्रवार दोपहर को रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चनौरा के समीप युवा राष्ट्रीय ध्वज लेकर हाईवे पर पहुंच गए। युवाओं ने ईट पत्थर रखकर हाईवे को जाम कर दिया। इस बीच युवा नारेबाजी कर रहे थे। जाम की सूचना पर रामगढ़ थानाध्यक्ष हरर्वेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख युवा हाईवे से भाग गए। थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा का कहना है कि युवा जाम लगाने का प्रयास कर रहे थे। तभी पुलिस को सूचना मिल गई थी। युवाओं को समझा गया था। इसके बाद वह घर चले गए। युवाओं द्वारा किसी तरह का कोई जाम नहीं लगाया है।