आगरा में कोरोना: ताजनगरी में 452वीं मौत, 24 घंटे में नौ नए संक्रमित मिले
आगरा में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित एक और मरीज की मृत्यु हो गई। जिले में यह 452वीं मौत है। पिछले 24 घंटे में 8851 लोगों की जांच में नौ नए संक्रमित और मिले हैं। दस मरीज ठीक होकर घर भी लौटे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी में कोरोना संक्रमण में मामूली उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले सप्ताह जहां रोज तीन से चार नए मरीज मिल रहे थे, वहीं सोमवार को नौ नए मरीज मिले हैं। जिले में सोमवार तक 11.50 लाख से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है। अब तक 25700 मरीज मिले हैं। जिनमें 452 मरीजों की मृत्यु हो गई। 25180 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
जिले में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 97.98 फीसदी है। जिले में फिलहाल 68 सक्रिय मरीज हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने लोगों से मास्क पहनने, उचित दूरी व टीकाकरण कराने के लिए कहा है। प्रशासन के मुताबिक तीसरी लहर से बचाव में टीकाकरण सबसे ज्यादा सहायक होगा। 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोग टीकाकरण जरूर कराएं।
टीके के लिए बूथों पर मारामारी
आगरा में टीके के डोज की कमी से बूथों पर सोमवार को भी वैक्सीन लगवाने के लिए मारामारी रही। सुबह नौ बजे से ही बूथों पर लोग जुट गए। दो से तीन घंटे में टीका लग पाया। डोज न लग पाने से लोगों की प्रभारी से बहस हुई, पुलिस भी पहुंची।
शहर के 85 बूथों के लिए 3500 डोज मिली थी, इसमें से 3000 डोज 45 साल से अधिक वाले और दूसरी डोज के लिए रहीं। इनके लिए भी डोज कम पड़ गई, ऐसे में गर्मी में दो-तीन घंटे तक खड़े रहने पर भी डोज नहीं लगी, इससे लोगो आक्रोशित हो गए। यही हाल 18 से 44 साल के वर्ग में रहा। डोज की कमी के कारण बूथों से लोगों को लौटना पड़ा।
एसएन के बूथ पर 250 से अधिक लोग पहुंचे
एसएन में सुबह नौ बजे से ही 250 से अधिक लोग बूथ पर पहुंच गए। झुंड लग गया, और टीका लगवाने के लिए धक्का-मुक्की भी हुई। गार्ड से भी लोगों की बहस हुई। यहां दो-तीन घंटे बाद ही नंबर आ रहा था।
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि 16500 डोज मिली थीं, जिसमें से 10 हजार देहात में और बाकी की 6500 शहरी क्षेत्रों के लिए रहीं। शहरी बूथों पर अधिक लोग पहुंचने से डोज की कमी पड़ गई।