एसिड अटैकः पीड़िता ने गढ़ी पूरी कहानी, सीसीटीवी फुटेज में हुई कैद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कासगंज में कुछ दिन पूर्व नगर में हुई एसिड अटैक की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। जांच पड़ताल में पुलिस को फर्जी तरीके से घटना बनाए जाने से संबंधित अहम सुराग मिले हैं। पुलिस इन सुरागों के माध्यम से पूरी जांच पड़ताल कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल पर मिली बोतल व अन्य सामान फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिए हैं। एक महिला ने एसिड अटैक का आरोप लगाते हुए शाहिद और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
एसिड अटैक का मामला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू की तो जमीन से जुड़ा विवाद सामने आया। बताया गया कि शाहिद से महिला का जमीन के विवाद का मामला न्यायालय में चल रहा था। इस मामले में महिला मुकदमा हार गई।
पुलिस ने एसिड अटैक का मामला संज्ञान में आने पर पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं और पूरी जांच पड़ताल की। पुलिस जांच पड़ताल में घटनास्थल के समीप एक ढाबे की सीसीटीवी फुटेज में महिला का कथित झूठ पुलिस के सामने आया है।
सीसीटीवी फुटेज में महिला स्वयं एसिड की बोतल हाथ में लेकर झाड़ियों की ओर गई। वहां हाथ, पैर और पेट पर तेजाब की कुछ बूंदें डालीं। इसके बाद झाड़ियों से निकलने के बाद वह सीधी परिजनों के साथ जिला चिकित्सालय पहुंच गई।
महिला के बोतल लेकर झाड़ियों में घुसने का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने हासिल कर लिया है। जिस स्थान पर महिला ने अपने ऊपर तेजाब डाला वहां से एक तेजाब की बोतल भी बरामद की है और अन्य सामान पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
- एसिड अटैक का मामला प्रायोजित नजर आ रहा है। अब तक जो साक्ष्य जांच पड़ताल में पुलिस को मिले हैं उससे यह स्पष्ट हो रहा है।फॉरेंसिक टीम और पुलिस हर तरह से जांच कर रही है। इस घटना में साक्ष्य और परिस्थितियां घटना को झुठलातीं हैं।
अशोक कुमार शुक्ल, पुलिस अधीक्षक