आगरा: जेल में बंद ढाबा संचालक की इलाज के दौरान मौत, पुलिस पर पिटाई का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के बाह क्षेत्र में अवैध शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए जैतपुर के ढाबा संचालक की जेल में हालत बिगड़ गई। रविवार की शाम दिल्ली के महर्षि वाल्मीकि हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में परिजनों ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया है।
घरवालों ने ढाबा संचालक की मौत से पहले का वीडियो भी वायरल किया है। जिसमें पुलिस के थाने में पीटे जाने और जेल ले जाते समय अरनौटा पुल पर मारने के लिए दौड़ाने की बातें सुनाई दे रही है। मृतक के भाई ने दो लोगों के इशारे पर पुलिस की पिटाई से मौत होने की शिकायत एसएसपी से की है।
पुलिस के मुताबिक 26 मार्च को ढाबे पर छापा मारकर धर्मेंद्र उर्फ धन्ना को मिलावटी शराब के साथ गिरफ्तार किया था। उसका साथी गढ़वार गांव निवासी सोनू भाग निकला था। एसपी पूर्वी ए. वेंकट अशोक के मुताबिक शनिवार को जेल में पानी से डरने वाली बीमारी (रेबीज) होने पर उसे एसएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
जहां से इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। रविवार की शाम उपचार के दौरान धर्मेंद्र उर्फ धन्ना की मौत हो गई। मृतक के भाई मुकेश ने एसएसपी को दी तहरीर में कहा है कि उनके भाई धन्ना उर्फ धर्मेंद्र को झूठे आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली में मौत से पहले मृतक ने पुलिस पर अमानवीय व्यवहार के बारे में बताया था।
उन्होंने मौत से पहले के वीडियो भी एसएसपी को दिखाया। जिसमें धर्मेंद्र उर्फ धन्ना जैतपुर और फतेहपुरा के नामजद लोगों के इशारे पर पुलिस के पकड़ने और थाने में पिटाई करने, पानी तक न देने, जेल ले जाते समय अरनौटा पर गाड़ी से नीचे उतारकर एनकाउंटर के लिए भागने और पेट्रोल डालने की बातें सुनाई दे रहीं है।
मामले में सोमवार की दोपहर में एसपी पूर्वी ने स्थलीय निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली। एसओ जैतपुर योगेंद्र पाल सिंह ने परिजनों के आरोपों को नकारा है। उनका कहना है कि धर्मेंद्र उर्फ धन्ना के खिलाफ अवैध रूप से शराब बिक्री के छह मुकदमे दर्ज हैं। पिटाई का आरोप गलत है।
धन्ना उर्फ धर्मेंद्र की गिरफ्तारी के बाद से ढाबा बंद पड़ा है। मृतक की मां सूरज मुखी ने सवाल किया है कि पुलिस ढाबे पर शराब बनाने की भट्टी होने का सबूत तो दिखाए। मौत की खबर के बाद से सदमे में आई पत्नी श्रीदेवी ने दो लोगों के इशारे पर की गई पिटाई को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
मां और पत्नी ने कहा है कि जब धर्मेंद्र को कभी कुत्ते ने काटा ही नहीं तो रेबीज कैसे हो गया। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण को पहुंचे एसपी पूर्वी से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
धन्ना की मौत से ग्रामीण स्तब्ध
बाह दिल्ली में उपचार के दौरान धन्ना की मौत की खबर से गांववाले स्तब्ध रह गए। भाई मुकेश और परिवार के अन्य लोग एसएसपी से मिलने गए। जबकि मृतक के शव के साथ पिता बच्चू लाल दिल्ली में थे।