आगरा: संदिग्ध हालात में जलने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत, जांच में जुटी पुलिस
गांव में चर्चा है कि किशोरी ने खुद आग लगाई है। उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
आगरा के थाना बसई अरेला क्षेत्र में गुरुवार को 17 वर्षीय किशोरी की जलने से मौत हो गई। घरवालों ने देर शाम तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी थी। चर्चा है कि किशोरी ने आग लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया कि गुरुवार की सुबह कमरे में किशोरी लपटों से घिरी चीख रही थी। इस पर पहुंचकर आग बुझाई गई। तब तक किशोरी काफी झुलस चुकी थी। परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष बसई अरेला शेरसिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर किशोरी ने आत्महत्या की है तो इसका कारण भी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पिनाहट: अपहरण के आरोपी दे रहे धमकियां
पिनाहट क्षेत्र में महिला के अपहरण का नामजद आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हो सका है। पीड़ित का आरोप है कि वह सुलह का दबाव बना रहा है। इनकार पर धमकियां दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से की शिकायत की है।
एटा के थाना अवागढ़ के एक गांव के व्यक्ति का आरोप है कि उसकी पत्नी को गांव के ही दो युवकों के इशारे पर जेसीबी चालक 30 जून को अगवा कर ले गया है। घर से जेवरात, 60 हजार रुपये और मोबाइल भी गायब है।
पीड़ित पति ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एटा के अवागढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि नामजद आरोपी समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। इनकार पर धमकियां दी गई हैं।