India vs Afghanistan: धर्मशाला वनडे में दिखेगा युवा जोश, नए चेहरों को मिल सकता है डेब्यू का मौका
13 जून को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
विस्तार
अंतररराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला आईपीएल के बाद अब एक बार फिर क्रिकेट के रोमांच से गूंजने को तैयार है। 13 जून को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इसमें भारतीय टीम ने वनडे में युवा चेहरों को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। भारतीय चयनकर्ताओं ने इस सीरीज के लिए युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव, हर्ष दुबे और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को टीम में शामिल किया है। माना जा रहा है कि धर्मशाला की तेज और उछाल भरी पिच इन युवा खिलाड़ियों के लिए अनुकूल साबित हो सकती है। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल प्लेइंग इलेवन में एक या दो नए खिलाड़ियों को मौका देकर भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
धर्मशाला का यह मैदान पहले भी भारतीय क्रिकेट को नए सितारे दे चुका है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 16 अक्तूबर 2016 को इसी मैदान पर हार्दिक पांड्या ने अपना वनडे डेब्यू किया था। हार्दिक ने अपने पहले ही वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट झटके थे। उन्होंने मार्टिन गुप्टिल, कोरी एंडरसन और ल्यूक रोंची जैसे बल्लेबाजों को आउट किया था।
बल्लेबाजी में भी हार्दिक ने 32 गेंदों में 36 रन की अहम पारी खेली थी और अपने डेब्यू मैच में मैन ऑफ द मैच बने थे। धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शुमार है। समुद्र तल से करीब 1450 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह मैदान तेज गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यही वजह है कि युवा तेज गेंदबाजों के लिए यह मैदान खुद को साबित करने का बेहतरीन मंच माना जा रहा है।
भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे शामिल हैं। अफगानिस्तान की टीम की कमान हश्मतुल्लाह शाहिदी संभालेंगे। टीम में राशिद खान, मोहम्मद नबी और रहमानुल्लाह गुरबाज जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।