ग्रेट खली की एक झलक पाने के लिए रामपुर के युवा बेताब, 20 फाइटर दिखाएंगे दमखम
विश्वभर में नाम कमा चुके प्रसिद्ध रेसलर दलीप राणा उर्फ ग्रेट खली शनिवार देर शाम रामपुर पहुंचेंगे। सिरमौर के दलीप राणा की एक झलक पाने और उनसे मिलने के लिए उनके प्रशंसक बेताब हैं।
रामपुर में यूएफएल की ओर से करवाई जा रही एमएमए (मिक्स मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में देश-विदेश से आए 20 फाइटरों की हौसलाअफजाई करेंगे। इस प्रतियोगिता में अमर उजाला मीडिया पार्टनर की भूमिका निभाएगा।
यह प्रतियोगिता रविवार शाम तीन बजे से रात दस बजे तक चलेगी। एमएमए प्रतियोगिता के लिए आयोजक कमेटी ने रामपुर पाटबंगला में केज बनाना शुरू कर दिया है, जो 15 दिसंबर सुबह तक तैयार हो जाएगा।
पहली बार ग्रेट खली के रामपुर क्षेत्र में आने से लोग उन्हें देखने के लिए बेताब हैं। लोगों ने आज तक उनको हमेशा टीवी पर ही देखा है, लेकिन 15 दिसंबर को लोगों के बीच स्वयं आने से क्षेत्र में खली को लेकर खूब चर्चा चल रही है।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश से दो खिलाड़ी कपिल ननखड़ी और मंडी जिले के छतरी निवासी साहिल शामिल होंगे। इसके अलावा चार महिला फाइटर भी दमखम दिखाएंगी। वहीं, रामपुर पुुलिस और आयोजक टीम ने प्रतियोगिता के स्थान का निरीक्षण किया और सुरक्षा को लेकर चर्चा की।
उधर, डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि आयोजक कमेटी ने प्रतियोगिता के दौरान ग्रेट खली और अन्य खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की मांग की है।
इसके लिए एसपी शिमला से 50 अतिरिक्त जवानों की तैनाती करने की मांग की है। मैदान निरीक्षण के दौरान यूएफएल के सीएमडी मास्टर भूपेश, आयोजक कमेटी अध्यक्ष विजय गुप्ता, विदेश निगम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।