सभी कॉलेजों में शुरू होगी वाईफाई सुविधा, सरकार बनाएगी नीति
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार सभी कॉलेजों में वाईफाई सुविधा शुरू करेगी। राज्य सरकार शीघ्र ही वाईफाई सेवा के लिए राज्यस्तरीय नीति लागू करेगी। इससे टेलीकॉम संचालकों को शहरी क्षेत्रों में वाईफाई उपकरण स्थापित करने में मदद मिलेगी और हिमाचल इस नीति को लागू करने वाला पहला राज्य भी बन जाएगा।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह बात सोमवार को राज्य विधानसभा परिसर में कही। उन्होंने इस अवसर पर पालमपुर शहर के लिए निशुल्क वाईफाई सेवा भी शुरू की। पालमपुर शहर में 51 वाईफाई स्थलों की स्थापना की गई है। रिलायंस जिओ की ओर से दी गई इस सुविधा से पालमपुर शहर राज्य का पूर्ण रूप से वाईफाई सुविधायुक्त पहला शहर बन गया है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सूचना प्रौद्योगिकी और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने रिलायंस जिओ के प्रयासों की सराहना भी की। मुख्यमंत्री के सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार गोकुल बुटेल ने जानकारी दी कि अभी तक राज्य के 21 राजकीय महाविद्यालयों, माल रोड मनाली, कोतवाली बाजार धर्मशाला और 17 बस अड्डे वाईफाई सुविधा से जुड़ चुके हैं।
बैठक में उलझे रहे बुटेल, पालमपुर के लिए हो गया वाईफाई का लोकार्पण
सर्वदलीय बैठक में व्यस्त होने के कारण स्पीकर बृज बिहारी लाल बुटेल अपने निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले पालमपुर शहर के लिए वाईफाई सुविधा के लोकार्पण अवसर पर मौजूद नहीं हो पाए। हालांकि यह लोकार्पण विधानसभा परिसर में ही हुआ।
उन्होंने साढ़े 12 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, मगर यह पौने एक बजे शुरू हो पाई। सीएम कार्यालय की ओर से बुटेल को एक बजे इस कार्यक्रम का न्योता था, मगर सर्वदलीय बैठक के लंबा खिंचने के कारण बुटेल इसमें नहीं पहुंच सके।
सर्वदलीय बैठक में नहीं आए वीरभद्र-धूमल
सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल नहीं आए। बैठक में कांग्रेस विधायक दल की ओर से संसदीय कार्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री और भाजपा विधायक दल की
ओर से मुख्य सचेतक सुरेश भारद्वाज, सचेतक रिखी राम कौंडल और निर्दलीय विधायकों की तरफ से बलवीर वर्मा मौजूद हुए। बैठक में बुटेल ने सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्वक चलाने का आग्रह किया।