बड़ा सवाल, केंद्रीय मंत्रिमंडल में कौन होगा हिमाचल का चेहरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री चुन लिया गया है। माना जा रहा है कि वह 30 मई को शपथ भी ले सकते हैं।
लेकिन मोदी के मंत्रिमंडल में हिमाचल की हिस्सेदारी क्या होगी और कौन हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेगा, इसको लेकर भी दिल्ली से लेकर हिमाचल तक सियासी गुना भाग शुरू हो गया है। वैसे तो हिमाचल कोटे से जेपी नड्डा स्वास्थ्य मंत्री हैं।
वह दोबारा मंत्री बने तो किसी अन्य को जगह मिलना मुश्किल है लेकिन चर्चा है कि वह केंद्रीय संगठन में बड़ा पद संभाल सकते हैं। ऐसे में प्रदेश कोटे से नए चेहरे को मोदी के मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
इसी संभावना के बीच हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर और कांगड़ा से जीते किशन कपूर के नामों पर जमकर चर्चा शुरू हो गई है। मंत्रिमंडल में किसे जगह मिलेगी और कौन किस पोर्टफोलियो को संभालेगा इसका फैसला सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ही करेंगे।
हिमाचल वासियों की नजरें दिल्ली की ओर टिकीं
लेकिन हिमाचल के हिस्से से बनने वाला मंत्री कौन होगा, इसको लेकर हिमाचल वासियों की नजरें दिल्ली की ओर टिक गई हैं। दरअसल, चुनावों के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बिलासपुर रैली में अनुराग ठाकुर को बड़ा नेता बनाने का एलान किया था।
जिसके बाद माना जाने लगा था कि चुनाव जीतने के बाद नई सरकार में ठाकुर को मंत्री पद मिलना तय है। लेकिन चुनावी परिणाम जिस तरह के रहे उसके बाद किशन कपूर के नाम पर भी मंत्री बनने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि अनुराग की काबिलियत को गिनाते हुए ही शाह ने अनुराग को बड़ा नेता बनाने का वायदा किया था। अनुराग के पक्ष में केंद्र के कई नेता भी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अनुराग की कई बार तारीफ कर चुके हैं। साथ ही उन्हें 16वीं लोकसभा में पार्टी की ओर से मुख्य सचेतक भी बनाया गया था। उन्होंने कई मुद्दों पर सीधे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बयानों के जरिये घेरा जिससे उनका सियासी कद काफी बढ़ गया।
जयराम, नड्डा, शांता दिल्ली में
लेकिन कांगड़ा से जीते किशन कपूर के 72 प्रतिशत से ज्यादा वोट शेयर, प्रदेश मंत्रिमंडल छोड़ने के कदम और शांता कुमार की पैरवी उन्हें हैवीवेट श्रेणी में ले आई है।
इसके अलावा प्रदेश के सियासी समीकरण के मद्देनजर जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी कपूर ज्यादा सूट कर सकते हैं। यही वजह है कि कपूर को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
प्रदेश के चारों सांसद संसदीय दल की बैठक के लिए दिल्ली में हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश कोटे से राज्यसभा सांसद व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार भी दिल्ली पहुंच गए हैं।
वैसे तो सभी अलग-अलग कारणों से पहुंचे हैं लेकिन तीनों ही नेताओं की दिल्ली पहुंचने की टाइमिंग को मंत्रिमंडल में हिमाचल से नेता के चयन से जोड़कर भी देखा जा रहा है।