प्रधानमंत्री मोदी की मंडी रैली: मौसम डाल सकता है खलल, हिमाचल में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
26 और 27 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंडी रैली में मौसम खलल डाल सकता है। 26 और 27 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 25 दिसंबर को राजधानी शिमला में व्हाइट क्रिसमस के आसार कम हैं। मनाली में बर्फबारी की संभावना है। वीरवार को लाहौल-स्पीति जिले में 32 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। सात पेयजल परियोजनाएं भी बंद रहीं।
वीरवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हुई। वीरवार को ऊना में अधिकतम तापमान 23.2, बिलासपुर 21.4, सोलन 21.0, सुंदरनगर 20.6, भुंतर 20.3, कांगड़ा 19.6, मंडी 19.4, हमीरपुर 19.2, नाहन 19.0, चंबा 18.4, धर्मशाला 17.4, शिमला 15.1, मनाली 13.0, कल्पा 10.3 और केलांग में 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उधर, बुधवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.7, कल्पा माइनस 2.1, मनाली 1.2, सोलन 2.4, धर्मशाला 2.6, हमीरपुर 3.0, मंडी 3.2, बिलासपुर 3.5, शिमला 6.0 और ऊना में 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
कोठी-गुलाबा में अब पर्यटक वाहन जा सकेंगे
वहीं, कुल्लू-मनाली के पर्यटन स्थल कोठी-गुलाबा में अब पर्यटक वाहन जा सकेंगे। जिला प्रशासन ने सुबह 10 से शाम चार बजे तक रोहतांग की ओर गुलाबा तक वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी है। पर्यटक वाहन सिर्फ मौसम साफ होने पर ही जा पाएंगे। गुलाबा में पर्याप्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। शाम चार बजे से सुबह 10 बजे के बीच कोठी से आगे वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने एसडीएम मनाली की संस्तुति पर यह आदेश जारी किए हैं। एसडीएम को ग्राम पंचायत पलचान के उपप्रधान तथा स्थानीय लोगों के प्रस्ताव मिले हैं। इसके बाद एसडीएम तथा उप पुलिस अधीक्षक मनाली ने कोठी से गुलाबा तक संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान पाया कि कुछ स्थितियों में गुलाबा तक वाहनों की अनुमति दी जा सकती है। गौर रहे कि पिछले माह 22 नवंबर को कोठी से आगे रोहतांग की ओर खराब मौसम के चलते वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।