हिमाचल में फिर होगी बर्फबारी, मौसम विभाग ने किया अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में बर्फबारी से दुश्वारियां कम होने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 14 से 16 जनवरी को हिमाचल में फिर बारिश-बर्फबारी के आसार जताए हैं। खराब मौसम को देखते हुए उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। सूबे में 12 जनवरी से हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
इसके चलते मौसम बदलेगा। उधर, बर्फबारी के बाद केलांग, कल्पा, शिमला और मनाली का न्यूनतम पारा माइनस में चल रहा है। कड़ाके की ठंड में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11, 12 और 13 जनवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
इस दौरान मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश, बर्फबारी हो सकती है। 14 से 16 जनवरी तक सूबे में बर्फबारी का अलर्ट जारी हुआ है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल स्पीति और मंडी, कुल्लू, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों तथा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
हिमाचल में ठंड से पांचवीं मौत
सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान -9.7, कल्पा में -7.0, मनाली में -2.0, शिमला में -0.4, सलूणी में -0.4, कांगड़ा में 4.0, पालमपुर में 2.5, पांवटा साहिब में 9.0, सुंदरनगर में 2.1, भुंतर में 1.0, धर्मशाला में 7.0, ऊना में 3.4, नाहन में 4.7, सोलन में 0.5 और मंडी में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बर्फबारी और ठंड के कारण हिमाचल में पांच लोगों की जान चली गई है। सुंदरनगर की कुटाहची पंचायत के छलोग गांव में बर्फ पर फिसलकर सोहन सिंह निवासी बंदल, रेणुका, जिला सिरमौर की मौत हो गई है। बर्फ पर फिसलकर घायल होने के बाद सोहन रात भर पड़ा रहा। हादसा घर से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर हुआ था। सोहन बगीचे में माली का काम करता था।
शिमला, मनाली, धर्मशाला में गिरे बर्फ के फाहे
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। स्थानीय मौसम में बदलाव आने के चलते मंगलवार दोपहर बाद राजधानी शिमला सहित प्रदेश के मुख्य पर्यटन स्थलों मनाली और धर्मशाला में बर्फ के फाहे गिरे। प्रदेश के कई मैदानी क्षेत्रों में मंगलवार को बारिश होने से ठंड बढ़ गया है।
अधिकतम तापमान में भी मंगलवार को कमी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 11, 12 और 13 जनवरी को मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे राजधानी शिमला के मॉल रोड, छोटा शिमला, संजौली सहित कुफरी में बर्फ के फाहे गिरे।
शिमला में मंगलवार सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद एकाएक फाहे गिरना शुरू हो गए। उधर, जिला कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों पर मंगलवार को भी हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रा, जलोड़ी दर्रा और मनाली समेत पूरी घाटी की पहाड़ियों में हुई हल्की बर्फबारी से घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है।
धौलाधार की पहाड़ियों में भी हिमपात जारी है। धर्मशाला में भी कुछ देर तक बर्फ के फाहे गिरे। छोटा भंगाल, बड़ा भंगाल, बिलिंग की ऊपरी पहाड़ियों में भी हिमपात हुआ है। कांगड़ा जिला में बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ गई है। रविवार और सोमवार को दो दिन मौसम साफ रहने के बाद दोबारा बदले मौसम के मिजाज ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है।
बर्फबारी के चार दिन बाद भी 280 सड़कें ठप
हिमाचल में बर्फबारी के चार दिन बाद भी 280 सड़कें यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई हैं। कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर सड़कें अभी भी यातायात के लिए बाधित हैं। मशोबरा में भारी बर्फबारी के चलते वाहन फिसल रहे हैं। सुन्नी, रामपुर, करसोग, पांगणा, चुराग की ओर जाने वाली बसों को वाया धामी भेजा जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग का दावा है कि बुधवार तक 50 से अधिक छोटी-बड़ी सड़कों को यातायात के लिए बहाल किया जाएगा।मंगलवार को एनएच पांच शिमला-रामपुर-रिकांगपिओ वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुल पाया। बसों को शिमला से वाया बसंतपुर भेजा गया। जिला कुल्लू में लोक निर्माण विभाग की चार दर्जन से अधिक सड़कें बंद हैं। एचआरटीसी कुल्लू की छह बसें अभी बस्तोरी, ब्यासर व खनाग में फंसीं हैं।
कई इलाकों में ब्लैकआउट
बर्फबारी से शिमला शहर के कई क्षेत्रों में मंगलवार शाम तक भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। अपर शिमला के कई क्षेत्रों में भी शुक्रवार रात से बिजली सप्लाई ठप है।
कुल्लू जिला की बंजार घाटी के कई दुर्गम गांवों के साथ, लगवैली, मणिकर्ण और रघुपुर घाटी समेत जिला के कई गांव अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में पीने के पानी की सप्लाई भी बाधित चल रही है।
एचआरटीसी की 150 बसें फंसीं
ऊपरी शिमला में भारी बर्फबारी के चलते परिवहन निगम की 150 बसें विभिन्न रूटों पर फंसी हैं। परिवहन निगम ने शिमला से दिल्ली, चंडीगढ़, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी के लिए बसें भेजनी शुरू कर दी हैं। शिमला में भी बसों की आवाजाही शुरू हो गई है।