देवभूमि के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवभूमि के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मूसलाधार बारिश के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर ल्हासे गिर रहे हैं। प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में रविवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पांच अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.6, शिमला में 20.6, सुंदरनगर में 31.3, भुंतर में 34.5, धर्मशाला में 27.6, नाहन में 25.1, सोलन में 24.8, कल्पा में 20, मंडी में 30.4, हमीरपुर में 32.2, बिलासपुर में 31.1, कांगड़ा में 30.5, मनाली में 24.2 और डलहौजी में 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त
राजधानी शिमला में शनिवार दोपहर तक रिमझिम बारिश जारी रही। शाम करीब पांच बजे थोड़ी देर के लिए धूप खिली लेकिन छह बजे दोबारा मौसम खराब हो गया। जिला मंडी के धर्मपुर में शुक्रवार रात को हुई मूसलाधार बारिश के कारण सरकाघाट-जोगिंद्रनगर मुख्य मार्ग कांढापतन के पास ल्हासा गिरने से बंद हो गया। धर्मपुर संधोल वाया भरौरी सड़क भी बंद रही।
इस सड़क में सतरेहड़ के पास लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते सड़क बंद रही। उपमंडल के दर्जनों अन्य संपर्क मार्ग भी बरसात के चलते बंद हैं। जिला सिरमौर में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। जिला सिरमौर के निचले क्षेत्रों की तुलना ऊपरी क्षेत्रों में ज्यादा बारिश हुई है। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला शनिवार दोपहर तक जारी रहा। भारी बारिश से आधा दर्जन सड़कें बंद हो गई हैं।