{"_id":"664cfa0f425449cc1d044fa3","slug":"waste-to-wonder-park-will-be-built-in-shimla-on-the-lines-of-delhi-2024-05-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal : दिल्ली की तर्ज पर शिमला में बनेगा वेस्ट टू वंडर पार्क, नगर निगम ने तैयार की योजना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal : दिल्ली की तर्ज पर शिमला में बनेगा वेस्ट टू वंडर पार्क, नगर निगम ने तैयार की योजना
Wed, 22 May 2024 06:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 22 May 2024 06:03 AM IST
सार
पुरानी और बेकार चीजों के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम शिमला इस पार्क को बनाने जा रहा है। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है।
विज्ञापन
demo
- फोटो : एएनआई (फाइल)
विस्तार
दिल्ली की तर्ज पर राजधानी में भी वेस्ट टू वंडर पार्क का निर्माण किया जाएगा। पुरानी और बेकार चीजों के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम शिमला इस पार्क को बनाने जा रहा है। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है।
विज्ञापन
शहर में वर्तमान में बने किसी पार्क को ही वेस्ट टू वंडर पार्क के रूप में विकसित करने की तैयारी है। प्रदेश हाईकोर्ट में भी इससे संबंधित एक मामले पर सुनवाई चल रही है। हाल ही में कोर्ट में सौंपी अपनी रिपोर्ट में नगर निगम ने इस पार्क को बनाने की योजना का जिक्र किया है। दिल्ली में देश का पहला वेस्ट टू वंडर पार्क बना है। नगर निगम भी इसी की तर्ज पर शिमला में पार्क का निर्माण करेगा।
विज्ञापन
प्लास्टिक की बोतलों, पुराने टायर, सिंगल यूज प्लास्टिक समेत अन्य बेकार चीजों के इस्तेमाल से आकर्षक पार्क बनाया जाएगा। निगम ने सीटीओ चौक के समीप कुछ साल पहले प्लास्टिक की बोतलों से बैठने के लिए कुछ बेंच बनाए थे। इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक और कागज से निगम दफ्तर में बैठने के लिए बेंच भी लगाए हैं। ये बेंच एक संस्था ने निगम को दिए थे। अब वेस्ट टू वंडर पार्क में भी ऐसी ही चीजें देखने को मिलेंगी।
विज्ञापन
निगम प्रशासन के अनुसार इस पार्क को आकर्षक बनाया जाएगा, ताकि शिमला आने वाले सैलानी भी इसमें घूमने जाएं। प्रवेश शुल्क लगेगा, जिससे नगर निगम को आय होगी। दूसरा शहर की जनता भी बेकार चीजों के दोबारा इस्तेमाल के लिए प्रेरित होगी।
नगर निगम के प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर डीपी सिंह ने बताया कि शिमला में दिल्ली की तर्ज पर वेस्ट टू वंडर पार्क बनाने की योजना पर काम चल रहा है। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि शिमला शहर को मॉडल सिटी बनाने के लिए यह योजना बनाई है। जल्द ही इस पर काम शुरू करने की तैयारी है।