स्वास्थ्य मंत्री नड्डा से मिले वीरभद्र, एम्स के लिए रखी ये मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को बताया कि बिलासपुर में प्रतिष्ठित संस्थान एम्स के लिए राज्य सरकार ने 1200 बीघा भूमि का चयन किया है। लगभग 750 बीघा गैर वन भूमि संस्थान के नाम हस्तांतरित कर दी गई है। शेष 450 बीघा भूमि की वन स्वीकृति का मामला भारत सरकार के पास विचाराधीन है, जिसमें उनके हस्तक्षेप की जरूरत है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। उन्होंने नड्डा के सामने बिलासपुर में स्थापित हो रहे एम्स सहित स्वास्थ्य से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। सीएम ने केंद्रीय मंत्री नड्डा को कहा कि मंडी के नेरचौक में निर्मित लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज भवन में वर्ष 2017 के शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू की जानी हैं।
इसके लिए आवश्यक उपकरणों सहित अन्य सुविधाओं की जरूरत है। आग्रह किया कि इस मेडिकल कॉलेज को उच्चस्तरीय बनाने के लिए केंद्रीय मदद दी जाए। राज्य सरकार वर्ष 2019 से आगामी पांच सालों के लिए इस कॉलेज भवन की एवज में 285 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी।
लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज के वित्तीय सहायता की जरूरत
सीमित संसाधनों से इस मेडिकल कॉलेज को चलाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से वित्तीय सहायता की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में स्थापित किए जाने वाले मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल केंद्र और घुमारवीं में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए केंद्र को भेजे प्रस्तावों को मंजूरी देने को कहा।
नाहन में डा. वाइएस परमार मेडिकल कॉलेज में सितंबर माह से कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। प्राध्यापकों और अन्य स्टाफ की नियुक्तियां भी कर दी गई हैं। चंबा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भवनों पर भी कार्य प्रगति पर है। हमीरपुर में बनने वाले नए मेडिकल कॉलेज भवन के लिए वन स्वीकृति प्रदान करने का मामला केंद्र सरकार को भेजा गया है, जिसमें वे हस्तक्षेप करें।
मुख्य सचिव वीसी फारका ने शिमला आईजीएमसी में 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले सुपर स्पेशियलिटी वार्ड की स्थापना और बालूगंज के मानसिक चिकित्सालय की पर्यावरण संबंधी स्वीकृतियों के प्रस्ताव केंद्र को भेजने की जानकारी दी।
वीरभद्र-नड्डा की दिल्ली भेंट से हिमाचल में सियासी हलचल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य मंत्रालय प्राथमिकता के आधार पर हिमाचल के इन सारे मुद्दों पर ध्यान देगा। मंत्रालय ने संबंधित उच्च अधिकारियों को समयबद्ध आधार पर कार्य करने के लिए पहले ही निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार टीजी नेगी और केंद्र्रीय स्वास्थ्य मंत्री के निजी सचिव अमनदीप गर्ग भी उपस्थित थे।
वीरभद्र-नड्डा की दिल्ली भेंट से हिमाचल में सियासी हलचल तेज हो गई है। हिमाचल की स्वास्थ्य समस्याओं के बहाने नई दिल्ली में मिले दोनों नेताओं के ये दोस्ताना तेवर फिर से चर्चा में हैं।
हिमाचल भाजपा में नए ध्रुवीकरण में जुटे माने जा रहे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के लिए सीएम वीरभद्र सिंह एकदम नरम हैं। ये नरमी इसलिए मानी जा रही है कि प्रदेश के मौजूदा भाजपा नेतृत्व की सेहत के लिए भाजपा का नया ध्रुवीकरण सही नहीं है।
अंबिका सोनी से मिले सीएम वीरभद्र
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी अंबिका सोनी से भी भेंट की। उन्होंने अंबिका सोनी से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस और सरकार के कार्यों पर चर्चा की। बुधवार को ही सीएम वीरभद्र सिंह नई दिल्ली से शिमला भी लौट आए।