वीरभद्र सिंह की जयंती: शिमला के रिज पर भिड़ेंगे देश-विदेश के 10 प्रो-बॉक्सर
अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग टूर्नामेंट ‘द रिज शिमला फाइट नाइट’ का आयोजन हिमाचल प्रो-बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से होगा। इस चैंपियनशिप में देश के पांच बॉक्सर हिस्सा लेंगे, जबकि पांच विदेशी बॉक्सर इसमें हिस्सा लेंगे।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की 23 जून को होने वाली जयंती पर ऐतिहासिक रिज में देश-विदेश के 10 बॉक्सर दमखम दिखाएंगे। इस अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग टूर्नामेंट ‘द रिज शिमला फाइट नाइट’ का आयोजन हिमाचल प्रो-बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से होगा। इस चैंपियनशिप में देश के पांच बॉक्सर हिस्सा लेंगे, जबकि पांच विदेशी बॉक्सर इसमें हिस्सा लेंगे। चैंपियनशिप का शुभांरभ प्रदेश के राज्यपाल राजीव प्रताप शुक्ल करेंगे, वहीं सांसद और कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी इस मौके पर मौजूद रहेंगी। चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यातिथि रहेंगे, वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और प्रदेश के खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
इस आयोजन को लेकर प्रो-बाॅक्सिंग संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष मोहिंद्र स्तान ने कहा कि यह आयोजन आधुनिक हिमाचल निर्माता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की याद में किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के विजेताओं को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें विजेता को 50,000, उप विजेता को हर वर्ग में 30,000 रुपये इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा विदेशी मुक्केबाजों को अलग से राशि दी जाएगी। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर और पीबीओआई के अध्यक्ष नीरज गोयथ और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी एएसपी चंबा शिव चौधरी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यादोपति ठाकुर मौजूद रहे।
इन देशों के बॉक्सर लेंगे चैंपियनशिप में हिस्सा
शिमला। चैंपियनशिप में भारत के अलावा फिलीपींस, रशिया, कैमरून और वियतनाम आदि देशों के बॉक्सर हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों में पंजाब के बॉक्सर लवप्रीत, हरियाणा के अर्जुन, दिल्ली के नितवीर सिंह, पंजाब के कार्तिक धामी, दिल्ली के सक्षम, कैमरून के बॉक्सर हेयूक सान ली, फिलीपींस के बॉक्सर जुआनिटो पारडेज, वियतनाम से टरांग डोंग डू, रशिया के बॉक्सर मकसिम रेइटर और मशमूद मुसालोव हिस्सा लेंगे।
ऐसा होगा कार्यक्रम
रिज पर प्रो-बॉक्सिंग में लाइट वेट में भारत के लवप्रीत का टरांग डोंग डू के साथ मुकाबला होगा, जबकि सुपर लाइट वेट में अर्जुन का जुआनिटो पारडेज के साथ मुकाबला होगा। वेल्टर वेट में नितवीर सिंह का हेयूक सान ली के साथ, लाइव हेवी वेट में कार्तिक का मुकाबला मकसिम रेइटर के साथ, लाइट हेवी वेट में सक्षम का मुकाबला मशमूद मुसालोव के साथ मुकाबला होगा।