भाजपा के इस गढ़ में सेंधमारी की तैयारी कर रहे हैं सीएम वीरभद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दस दिन में दूसरी बार मंगलवार को सोलन के अर्की विधानसभा के दौरे पर जा रहे हैं। उन्होंने अर्की क्षेत्र के लिए विकास योजनाओं का जिस तरह पिटारा खोला है, उससे सियासी गलियारों में कई चर्चाएं तेज हो गई हैं।
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री अपने लिए अर्की में सियासी जमीन तैयार कर रहे हैं। शिमला ग्रामीण में विक्रमादित्य सिंह की सक्रियता से जोड़कर भी मुख्यमंत्री के अर्की दौरे को देखा जा रहा है। हालांकि, अर्की विस क्षेत्र भाजपा का गढ़ माना जाता है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 5 मई को सोलन जनपद के अर्की विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर गए थे। अब 16 मई को वे दोबारा अर्की जा रहे हैं। सीएम अर्की में 6 उद्घाटन और 21 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। क्षेत्र को आयुर्वेद चिकित्सालय से लेकर सड़कों की कई योजनाओं की सौगात देंगे।
अपने बेटे को मैदान में उतार सकते हैं सीएम
चौगान मैदान पर उनकी पब्लिक रैली भी होनी है। सीएम के अर्की की ओर बढ़ते झुकाव के सियासी कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन इसे विधानसभा चुनाव से अलग नहीं किया जा सकता।
यह तय है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र आगामी विधानसभा चुनाव में अपने बेटे विक्रमादित्य को उतारने जा रहे हैं। उनके लिए शिमला ग्रामीण में संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। अगर आलाकमान इस पर राजी होता है तो सीएम को अपने लिए भी सुरक्षित क्षेत्र तलाशना होगा।
ऐसे में मुख्यमंत्री अर्की विधानसभा क्षेत्र का रुख कर सकते हैं, इसी चर्चा है। हालांकि, इस क्षेत्र से पिछले दो चुनाव लगातार भाजपा ने जीते हैं। कांग्रेस के पास फिलहाल अर्की में कोई दमदार प्रत्याशी भी नहीं है।
शिमला ग्रामीण में विक्रमादित्य सिंह सक्रिय
मुख्यमंत्री के मंगलवार को अर्की दौरे से पहले सोमवार को विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण में तीन दिवसीय पदयात्रा शुरू कर दी। पदयात्रा को उनकी क्षेत्र में सियासी पकड़ को मजबूत करने से जोड़कर देखा जा रहा है।
इससे पहले भी विक्रमादित्य शिमला ग्रामीण में कई कार्यक्रम करते रहे हैं। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री के अर्की की ओर बढ़ते रुझान से दोनों विधानसभा क्षेत्रों को लेकर चर्चाएं तेज हो रही हैं।