शिमला: संकट मोचन मंदिर से चोरी हुए चांदी के गहने जंगल में मिले, सोने के आभूषण अभी गायब
31 अक्तूबर की रात संकट मोचन मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। शिमला पुलिस ने करीब 23 दिनों बाद चोरी की गई मंदिर की संपत्ति को बरामद कर लिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर से चोरी किए गए चांदी के आभूषण पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी हितेंद्र उर्फ बंटी निवासी बसंतपुर की निशानदेही पर पुलिस ने शहर से सटे भराड़ी के कमयाणा जंगल में झाड़ियों से चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी ने चोरी किए आभूषण जंगल में छुपा दिए थे। हालांकि मंदिर से चोरी हुए सोने के गहने और दानपात्र की नकदी अभी तक बरामद नहीं हुई है। मुख्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की थी। इस दौरान उसने चोरी के सामान को कमयाणा के जंगल में फेंकने की जानकारी दी। मंगलवार को पुलिस टीम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची। सड़क से करीब 15 से 20 मीटर नीचे झाड़ियों में तलाशी के दौरान चोरी किए चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया।
दोनों आरोपियों ने रची थी चोरी की साजिश
बरामद सामान में चांदी के मुकुट, छत्र, हनुमान जी की गदाएं, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाएं शामिल हैं। इसके अलावा पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुएं भी मिली हैं। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मौके पर बरामद सामान की पहचान की। उन्होंने चोरी का सामान बरामद करने के लिए शिमला पुलिस का आभार जताया। संकट मोचन मंदिर में 31 अक्तूबर की रात चोरी की वारदात हुई थी। आरोपी मुख्य द्वार का ताला तोड़कर मंदिर में दाखिल हुआ था और वहां से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ दानपात्रों में रखी नकदी भी चुरा ले गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपी पर साजिश में शामिल होने का आरोप है, जबकि फरार मुख्य आरोपी ने मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। सीसीटीवी कैमरों में भी मंदिर के भीतर दाखिल हुए मुख्य आरोपी का चेहरा सामने आया था।
16 ग्राम सोने के गहने और नकदी का सुराग नहीं
पुलिस को बरामदगी के दौरान अभी तक सोने के आभूषण नहीं मिले हैं। इनमें करीब 16 ग्राम वजन की सोने की नत्थ और गदा शामिल हैं। इसके अलावा दानपात्र से चोरी की नकदी भी बरामद नहीं हुई है। पुलिस को आशंका है कि मुख्य आरोपी सोने के गहने और नकदी अपने साथ ले गया है।
रिश्तेदार बताए जा रहे दोनों आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी और फरार चल रहा मुख्य आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में उसके घर सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
