मासूम भाई बहन को मिली दर्दनाक मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरा के पाइसा गांव में खड्ड में डूबने से चार और पांच वर्ष के चचेरे भाई बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे स्कूल के बाद खेलते-खेलते खड्ड की ओर चले गए थे। बच्चों के पिता सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार देहरा के पाइसा गांव के अक्षरा (4) पुत्री राजिंद्र कुमार और आर्यन (5) पुत्र अशोक कुमार नर्सरी कक्षा में पढ़ते थे। स्कूल से छुट्टी के बाद दोनों बच्चे घर पहुंचे और बाद में खेलते-खेलते एक अन्य बच्चे के साथ घर से कुछ दूरी पर नकेड़ खड्ड की ओर चले गए।
आर्यन और अक्षरा खड्ड के पानी के पास चले गए। तीसरी बच्ची मन्नत (4) भी खड्ड के पास खड़ी रही। कुछ देर बाद वह वापस लौट आई। घटना देर शाम करीब पांच बजे हुई। कुछ दूरी पर कपड़े धो रही महिलाओं ने तीनों को खड्ड की जाते देखा था। लेकिन, जब वापस एक ही बच्ची लौट रही थी तो उन्हें शक हुआ तो उन्होंने बच्ची से पूछा कि तुम्हारे दोस्त कहां हैं।
पानी पर उतरा रहे थे दोनों के शव
बच्ची ने बताया कि खड्ड में हैं। महिलाओं ने घटनास्थल पर जाकर देखा तो बच्चे डूब चुके थे। उन्होंने शोर मचाया। बच्चों को ढूंढते-ढूंढते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। खड्ड पर पहुंचते ही परिजन गश खाकर गिर गए। बच्ची अक्षरा का शव पानी पर उतरा रहा था। आर्यन का शव पानी के किनारे था। दोनों बच्चों ने कपड़े पहने हुए थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बच्चे खड्ड में नहाने नहीं उतरे होंगे।
बल्कि, खड्ड में किसी चट्टान से उनका पैर खिसक गया होगा। दोनों बच्चों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची अक्षरा के पिता राजिंद्र सिंह बैजनाथ में किसी प्रोजेक्ट में कार्यरत हैं। आर्यन के पिता आर्मी में तैनात हैं। डीएसपी रेणु शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।