सीएम वीरभद्र ने खोया आपा, BCCI अध्यक्ष को कहा 'पाप का बाप'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक जनसभा में आपा खो दिया। उन्होंने सांसद एवं बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग को पाप का बाप कह दिया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि भाजपा नेता कांग्रेस पार्टी और उन्हें बदनाम करने पर उतर आए हैं। वे कितना भी जोर लगा लें, सफल नहीं हो पाएंगे। कांग्रेस एकजुट और सरकार मजबूत है।
भाजपा चाहे लाख प्रयास कर ले, पर कांग्रेस सरकार को हिला नहीं पाएगी। मुख्यमंत्री नम्होल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सांसद अनुराग ठाकुर के बयान पर उन्होंने कहा कि अनुराग पाप के बाप बन गए हैं। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कार्रवाई पर बीते दिन अनुराग ठाकुर ने कहा था कि बुरे काम का बुरा नतीजा होता है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की ओर से एलआईसी एजेंट की गिरफ्तारी पर पूछे गए सवाल पर सीएम ने कहा कि वे लीडर हैं, किसी से डरते नहीं हैं। कहा कि मुझ पर आय से अधिक संपत्ति का मामला चलाया गया है। मामले की जांच तीन एजेंसियों से करवाई जा रही है।
इनकम टैक्स, ईडी और सीबीआई से एक ही मामले की जांच करवाने से साफ है कि भाजपा उन्हें प्रताड़ित करने में लगी है। इसके पीछे उन्होंने भाजपा की छोटी सोच को बताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने मुझे 6 बार मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया है। उन्होंने अनुराग ठाकुर को सलाह दी है कि वह एमपी हैं। एमपी का काम राष्ट्र का विकास करना है, वह अपनी जिम्मेदारी पूरी करें।
अनुराग बोले, वीरभद्र क्या सोचते हैं, परवाह नहीं
भरवाईं (ऊना)। वीरभद्र सिंह मेरे बारे में क्या सोचते हैं, इसकी मुझे परवाह नहीं है। जनता के बीच मेरी छवि ठीक हो, हर दम यही प्रयास करता हूं। यह बात हमीरपुर के सांसद एवं बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने भरवाईं में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि चाहे मैं विश्व की सबसे धनी संस्था का अध्यक्ष हूं, लेकिन अपने क्षेत्र में आने के लिए आज भी बस में सफर करता हूं।
कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह ने कभी विकास में सहयोग नहीं दिया है और न ही मेरे किसी पत्र पर कार्रवाई की है। अनेक योजनाओं को लेकर सीएम कार्यालय से पत्रव्यवहार किया गया है। उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि क्रिकेट अकादमी धर्मशाला में स्थापित हो, लेकिन वीरभद्र सरकार राजनीतिक कारणों से इसके लिए गंभीर नहीं है। कहा कि सरकार धर्मशाला में भूमि उपलब्ध करवाए, ताकि बिना देरी अकादमी की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
सरकार जमीन दे, हिमाचल में खोलूंगा एशिया की क्रिकेट अकादमी
देहरागोपीपुर/डाडासीबा/ परागपुर (कांगड़ा)। सांसद एवं बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार जमीन उपलब्ध करवाए तो वे पूरे एशिया की क्रिकेट अकादमी हिमाचल में बनाने को तैयार हैं। वह सोमवार को जसवां परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर की ओर से डाडासीबा और परागपुर में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। अनुराग ने कहा कि वीरभद्र
सरकार ने धर्मशाला में भारत-पाकिस्तान मैच और आईपीएल के मुकाबले न करवाकर पूरे देश में हिमाचल की किरकिरी करवाई है। कहा कि जो व्यक्ति कुर्सी बचाने के लिए अपने परिवार तक को छोड़ सकता है, उससे प्रदेश के भले की उम्मीद करना बेमानी है। कहा कि जांच एजेंसियों के घेरे में आने के बाद सीएम ने कुर्सी बचाने को अपनी पत्नी को मुसीबत में डाल दिया। वीरभद्र सिंह को अपने कर्मों का फल भुगतने को तैयार रहना चाहिए।
देहरा में दो सीयू, सीएम के साथ पीएम के पास जाऊंगा
सेंट्रल यूनिवर्सिटी मामले में भी अनुराग ठाकुर ने सीएम पर निशाना साधा। कहा कि देहरा की अनदेखी कर ऐसी जमीन की तलाश की जा रही है, जहां या तो खड्ड है या खिसकता हुआ पहाड़। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी हिमाचल में न खुले। उन्होंने
वीरभद्र सिंह से अभी भी जिद्द छोड़ने की अपील की और कहा कि सीएम देहरा के लिए अनुमति दें तो खुद उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाने को तैयार हूं। उन्होंने प्रदेश को नेशनल हाईवे मिलने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आभार जताया। जसवां परागपुर में विधायक बिक्रम ठाकुर के आग्रह पर तीन नैशनल हाईवे को मंजूरी दी गई है।
जदरांगल में बनेगा केंद्रीय विश्वविद्यालय: वीरभद्र
स्वारघाट (बिलासपुर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि धर्मशाला के पास जदरांगल में केंद्रीय विवि बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन देख ली है। दो माह में माइनिंग साइट्स का ऑक्शन करने का कार्य शुरू किया जाएगा। स्वारघाट में सीएम ने कहा कि जदरांगल में सीयू को लेकर विपक्ष जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
प्रदेश में हो रहे अवैध माइनिंग के सवाल पर कहा कि माइनिंग साइट्स को अब ऑक्शन पर दिया जाएगा। सिरमौर से इसकी शुरुआत कर दी है। प्रदेश के अन्य जिलों में 2 महीनों में इन साइट्स को आक्शन करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ऑक्शन के बाद उस साइट की हिफाजत करने का कार्य उस साइट को लेने वाले व्यक्ति का होगा।
भाजपा कर रही हिमाचल सरकार को अस्थिर करने का प्रयास: कांग्रेस
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, प्रदेश योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार रंगीलाराम राव ने केंद्र सरकार पर प्रदेश के कुछ भाजपा नेताओं के इशारे पर वीरभद्र सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। संयुक्त बयान में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से भाजपा नेता घबरा गए हैं।
मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने को मनघड़ंत और तथ्यहीन आरोप लगाए जा रहे हैं। भाजपा नेता समाचार पत्रों के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने को न्यायालयों में लंबित और विचाराधीन मामलों पर अनापशनाप बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस का हमेशा विकास में विश्वास रहा है। भाजपा नेता वीरभद्र सरकार के विकास रथ को नहीं रोक सकते।
जिस दिन से मुख्यमंत्री वीरभद्र के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभाली है, उसी दिन से उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। इस बार भी मुख्यमंत्री बेदाग होकर निकलेंगे। कुलदीप कुमार, गंगूराम मुसाफिर और रंगीलाराम राव ने कहा कि
सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा ने कई षड्यंत्र रचे। भाजपा का कोई भी षड्यंत्र सफल नहीं होगा। कहा कि प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस सरकार को पूर्ण बहुमत से चुना है और वीरभद्र सिंह छठी बार मुख्यमंत्री बने हैं। वीरभद्र सिंह के साथ सरकार और कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर खड़ी है।
कांग्रेस सरकार में अंदरखाते नहीं चल रहा ठीक: बिंदल
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से बुलाई गई आपात बैठक पर भाजपा मुख्य प्रवक्ता राजीव बिंदल ने कहा कि एकाएक बैठक बुलाने से साफ है कि कांग्रेस सरकार में अंदरखाते कुछ न कुछ चल रहा है। इससे पहले भी वीरभद्र सिंह सरकार में एकजुटता दिखाने को आपात बैठक बुला चुके हैं। सीएम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक मामले में बिंदल ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।
भाजपा का इसमें कोई दखल न तो है और न ही रहेगा। अगर कोई गलती नहीं की है तो इसमें मुख्यमंत्री को डरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। बिंदल ने कहा कि विधानसभा चुनाव को भाजपा तैयार है। बिंदल ने प्रेसवार्ता में कहा कि हिमाचल में 31 कॉरपोरेशन घाटे में चल रहे हैं। सरकार ने एक और कॉरपोरेशन खोल दिया है।
यह एचपीबीएल है। यह शराब बेचेगा। कहा कि राज्यों की सरकारें नशा मुक्त अभियान में शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगा रही हैं, लेकिन हिमाचल सरकार ने खुद शराब की ठेकेदार बनकर नशा बेचने का नया कारोबार शुरू कर दिया है। आरोप लगाया कि प्रदेश में पहले कई
तरह के माफिया सक्रिय हैं, लेकिन अब सरकार ने नए तरह का शराब माफिया खड़ा कर दिया है। यह बोटलिंग प्वाइंट से शराब उठाकर रिटेल में बेचेगी। कहा कि राज्य में 31 निगम पहले ही घाटे में हैं। ऐसे में सरकार ने नया निगम गठित करने की क्या जरूरत थी। ऐसे में प्रदेश में शराब माफिया सक्रिय हो गया है।
मुख्यमंत्री करेंगे राज्यस्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को बिलासपुर जिले के नेरस में 67वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। वन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस वर्ष 15 हजार हेक्टेयर वन भूमि पर एक करोड़
मिश्रित प्रजाति के पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा है। जंगली जानवरों को वनों तक सीमित रखने के लिए जंगली फलदार पौधे लगाने पर बल दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 35 लाख औषधीय पौधे भी लगाए जाएंगे। इस वर्ष 13 हजार हेक्टेयर भूमि को लेंटाना मुक्त कर पुनस्थापित करने का लक्ष्य रखा है।
लोकतंत्र की जड़ें कमजोर कर रही प्रदेश सरकार: धूमल
डलहौजी (चंबा)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार लोकतंत्र की जड़ें कमजोर कर रही है। सरकार ने निगम और बोर्डों के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों की फौज खड़ी कर रखी है, जो पदों का दुरुपयोग कर रहे हैं। प्रो. धूमल सोमवार सुबह परिधि गृह डलहौजी में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार ने सत्ता में आते ही नगर परिषद तथा नगर निकाय के अध्यक्षों के अधिकार छीने, जिसमें चेक हस्ताक्षर का अधिकार सिर्फ ईओ को दिया गया।
लोकतंत्र की प्रथम इकाई ग्राम पंचायतों में खंड विकास अधिकारी तथा सचिवों को अधिकार देकर चुने हुए प्रतिनिधियों को अपमानित किया जा रहा है। जबकि जिला परिषद एवं खंड समिति अध्यक्षों को विकास के लिए धन आवंटित करने के अधिकार से बाहर किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से वीरभद्र सरकार सत्ता में आई है, शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है।
जहां विद्यार्थी हैं, वहां शिक्षक नहीं और जिन स्कूलों में तीन-तीन अध्यापक हैं, वहां दो-दो विद्यार्थी हैं। धूमल ने कहा कि रूसा के तहत छठे सेमेस्टर के नतीजे तो घोषित कर दिए गए, जबकि तीसरे सेमेस्टर के नतीजे अभी तक लंबित हैं। प्रदेश सरकार को हर वर्ग विरोधी बताते हुए धूमल ने कहा कि कर्मचारियों को 2006 से 4-9-14 का लाभ देने का वादा करने वाली वीरभद्र सरकार अभी तक नियमित रूप से यह लाभ नहीं दे रही है जबकि 11 माह बाद डीए की किस्तें जारी की जा रही हैं।
जमा दो पास विद्यार्थियों को एक हजार और स्नातक को 1500 रुपये मासिक भत्ते देने का वादा करने वाली वीरभद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल हुई है। किसानों-बागवानों को समर्थन मूल्य का भुगतान नहीं हो रहा है। सरकारी डिपुओं में नमक के सैंपल फेल हो रहे हैं और पूरा राशन महज बयानों में मिल रहा है। इस अवसर पर चंबा सदर विधायक बीके चौहान, भटियात हलके के विधायक विक्रम जरयाल, भाजपा जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद रहे।