ट्रक और कार हादसे में तीन लोगों की मौत, आठ घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला के मंढोल-शीलघाट सड़क से ट्रक नीचे गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा चालक व क्लीनर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जुब्बल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर किया गया। जानकारी के अनुसार ट्रक एचपी 64-4213 शनिवार देर शाम शीलघाट से मंढोल की ओर जा रहा था।
मंढोल से थोड़ा पहले चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। इससे ट्रक सड़क से नीचे खेतों में लुढ़क गया। हादसे में नेपाली मूल के मजदूर दुर्गा बहादुर की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य घायल मंढोल निवासी अनिल (28) ने जुब्बल अस्पताल में दाम तोड़ दिया। ट्रक चालक राजिंद्र निवासी कांगडा जिला, क्लीनर अतुल शर्मा, रंजन और रिशु मंढोल निवासी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद लोगों की सहायता से घायलों को जुब्बल अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया। जुब्बल अस्पताल से सभी को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। जुब्बल के पुलिस थाना प्रभारी मथुरा दास ने कहा पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कार हादसे में एक की मौत
उधर सिरमौर में थाना क्षेत्र सराहां के अंतर्गत रविवार को सराहां-रेणुका वाया बागथन सड़क मार्ग पर एक कार हादसे में चढ़ेच गांव निवासी 50 वर्षीय सुरेश कुमार की मौत हो गई। कार में सवार 4 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने सूचना मिलने पर घायलों को उपचार के लिए सराहां अस्पताल पहुंचाया। मृतक सुरेश के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, चढ़ेच निवासी सुरेश कुमार अपनी पत्नी सुनीता देवी (45), बेटी आशा व घर के नौकर दीपक व उसकी बेटी सुनीता 5 वर्ष के साथ अपनी कार संख्या- एचपी-14-0900 में सवार होकर सराहां से हरिपुरधार मंदिर में दर्शनों को जा रहे थे। तभी अचानक बेचड़ का बाग के समीप उनकी कार एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
सुरेश कुमार की गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पत्नी, बेटी और नौकर व उसकी बेटी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को खाई से निकाल कर सराहां अस्पताल उपचार को भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई है। डीएसपी राजगढ़ योगेश रोल्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।