नाइजीरिया किडनैपिंग: जयराम, नड्डा ने सुषमा से की बात, बंधकों की वतन वापसी की जगी उम्मीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नाइजीरिया में समुद्री लुटेरों द्वारा बंधक बनाए गए कांगड़ा के तीन युवकों की वतन वापसी की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस मामले में सोमवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बातचीत की। आश्वासन मिला है कि विदेश मंत्रालय नाइजीरिया सरकार के संपर्क में है और बंधकों की रिहाई के लिए तमाम संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
नाइजीरिया किडनैपिंग: परिजन रो रहे खून के आंसू, 24 घंटे बाद क्या होगा लाडलों का
मुख्यमंत्री ने सोमवार को विधानसभा में भी इस मामले में वक्तव्य देकर स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में गंभीर है। संकट की इस घड़ी में सरकार कांगड़ा जिले से संबंधित तीनों अपहृत युवकोें के परिवारों के साथ है।
सुषमा स्वराज से आश्वासन मिला है कि इस बारे में राज्य सरकार को दैनिक आधार पर जानकारी दी जाएगी कि इस मामले में क्या हुआ है। सीएम ने कहा कि वे दोबारा भी विदेश मंत्री से बात करेंगे।
हाल ही में कांगड़ा के नगरोटा सूरियां के सुशील कुमार, समलोटी के पंकज कुमार और पालमपुर के अजय बहादुर का नाइजीरिया में समुद्री लुटेरों ने जहाज हाईजेक करके फिरौती के लिए अपहरण कर लिया है। सोमवार को सीएम ने सुशील के घर फोन करके परिजनों से भी बातचीत की।
सुशील के छोटे भाई विनय के अनुसार मुख्यमंत्री ने फोन कर सांत्वना देते हुए कहा कि उनकी बात विदेश मंत्री से हो गई है। विदेश मंत्री ने आश्वस्त किया है कि दो दिन के भीतर सभी बंधकों को समुद्री लुटेरों के चंगुल से छुड़वा लिया जाएगा।
लुटेरों का अल्टीमेटम खत्म होने से उड़ी परिजनों की नींद
फिरौती के लिए समुद्री लुटेरों का का अल्टीमेटम खत्म होने से पीड़ित परिवारों की नींद उड़ गई है। सोमवार सुबह से ही सुशील के घर में भय का माहौल रहा। पंचायत और पूरे इलाके में लोग तीनों युवकों की सलामती के लिए प्रार्थना करते रहे।
परिजन पूरा दिन लुटेरों के फोन का इंतजार करते रहे ताकि पता चल सके कि पैसे कैसे और कहां देने हैं। अजय कुमार और पंकज के घर में भी परिजन सलामती की दुआ करते रहे।
शांता ने फिर लिखा पत्र
सांसद शांता कुमार ने कहा कि उन्होंने सोमवार को कांगड़ा के युवकों को समुद्री लुुटेरों की कैैद से छुड़ाने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को एक और पत्र लिखा है। विदेश मंत्रालय में बात भी की है।
12 मार्च को आई थी कॉल
सुशील कुमार के पिता रघुवीर सिंह के मुताबिक 12 मार्च 2018 को उनके परिवार को नाइजीरिया से उनके बेटे सुशील ने सेटेलाइट से फोन किया। बताया कि समुद्री लुटेरों ने उसका और उसके समूह के दो अन्य हिमाचली सदस्यों का जहाज सहित अपहरण कर लिया है।
24 मार्च को परिवार के सदस्यों को एक और कॉल मिली। इसमें सुशील कुमार ने सूचित किया है कि लुटेरों ने 26 मार्च को फिरौती के भुगतान की मांग की है। चेतावनी दी कि फिरौती की रकम न मिली तो उन्हें मार दिया जाएगा।