गहरी खाई में गिरी कार, सरकारी कर्मचारी समेत तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेरवा-शिमला मार्ग पर धबास के पास सरांह कैंची पर एक कार अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में लुढ़कर हामलटी खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया।
दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी कार सवार आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसा करीब ग्यारह बजे हुआ है। पुलिस के अनुसार कार शिमला से नेरवा की तरफ आ रही थी। सरांह कैंची के पास कार अनियंत्रित होकर पांच सौ फुट नीचे खड्ड में जा गिरी।
दुर्घटना में रमेश (55) गांव घुन्सा, डाकघर एवं तहसील नेरवा और अनंत राम पुत्र रतनु राम (50) गांव धारटुवा (घिलड) डाकघर एवं तहसील नेरवा की मौके पर ही मौत हो गई। अनंत राम पशु पालन विभाग में कार्यरत था।
दुर्घटना में घायल चेतराम पुत्र झंखरू राम गांव थाचली, रमेश चंद पुत्र चेत राम, गांव थाचली और सुरेंद्र सिंह पुत्र लायक राम गांव धारटुवा डाकघर एवं तहसील नेरवा बुरी तरह से घायल हो गए।
जलस्तर बढ़ने से कार पानी में पूरी तरह डूब गई
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चौपाल अस्पताल पहुंचाया गया। चौपाल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। घायल सुरेंद्र की आईजीएमसी ले जाते 108 एंबुलेंस में मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम चौपाल मुकेश रिपासवाल और डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। भारी बारिश के कारण मृतकों के शवों और घायलों को खाई से निकालने में प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बारिश के चलते हामलटी खड्ड का जलस्तर बढ़ने की वजह से कार पानी में पूरी तरह डूब चुकी थी। करीब पांच सौ मीटर ऊंची पहाड़ी तक घायलों और शवों को पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया गया। कार सुरेंद्र सिंह चला रहा था। दुर्घटना के कारण तक अभी तक पता नहीं चला है।
मृतकों के परिजनों और घायलों को दी फौरी राहत
विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से संवेदनाएं व्यक्त कीं। चौपाल के पूर्व विधायक डॉ. सुभाष चंद मंगलेट ने हादसे पर शोक जताया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शशि दत्त शर्मा ने भी कार हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
एसडीएम चौपाल मुकेश रिपासवाल ने मृतकों के परिजनों को बीस-बीस हजार और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये बतौर फौरी राहत प्रदान किए। डीएसपी संतोष शर्मा ने कहा कि कार दुर्घटना का मामला दर्जकर लिया है। हादसे के कारण की जांच चल रही है।