शिमला ग्रीष्मोत्सव: पंजाबी गायक सतिंदर सरताज के सूफियाना कलाम, पंजाबी गीतों पर झूम उठे दर्शक
शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पर मशहूर पंजाबी गायक सतिंदर सरताज ने वाहवाही लूटी। सतिंदर सरताज ने सूफियाना कलाम, पंजाबी गीतों और टप्पों से ऐसा रंग जमाया कि लोग झूम उठे।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पर मशहूर पंजाबी गायक सतिंदर सरताज ने वाहवाही लूटी। सतिंदर सरताज ने सूफियाना कलाम, पंजाबी गीतों और टप्पों से ऐसा रंग जमाया कि लोग झूम उठे। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में कई पंजाबी गाने गाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मुख्य अतिथि शिरकत की। ग्रीष्मोत्सव के तीसरे दिन नरेश भारद्वाज, हैरी, इंदु, अरुण जस्टा और राजेश मालिक ने भी खूब रंग जमाया। इस दौरान महापौर सुरेंद्र चौहान, प्रधान सचिव वित्त विभाग मनीष गर्ग, उपायुक्त आदित्य नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह सहित नाजर दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे। समारोह में शनिवार को कलाकारों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष से कल्चरल परेड शुरू की। परेड स्कैंडल प्वाइंट से होते हुए मॉलरोड, रानी झांसी पार्क से होकर रिज मैदान और फिर पुलिस नियंत्रण कक्ष पर हुई। इस दौरान कलाकारों ने नाच गाकर लोगों का मनोरंजन किया। समारोह के दौरान रिज मैदान पर भीड़ के चलते सिर्फ स्कैंडल प्वाइंट से ही आने जाने की अनुमति दी गई। अन्य रास्ते बंद करने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
शाम चार बजे के बाद शुरू हुए कार्यक्रम में चैप्सली स्कूल, ऑकलैंड हाउस स्कूल ब्वॉयज, कान्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी, द हाईजैकर म्युजिकल बैंड और डांस प्लेनेट न्यू शिमला ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। 4:30 से 5:30 बजे के बीच करीब 24 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान तेरा इश्क नचौंदा वे सजना गाने से शिवानी शर्मा और मेधा शर्मा ने लोगों का मनोरंजन किया। भूमिका शर्मा ने राधा कैसे न जले पर नृत्य किया। देहा बलसन के गायक आकाश दमसेठ ने मेरे रश्के कमर गाना गाया और कोटगढ़ के साहिल ने चिट्ठी लिखी प्यारो री पहाड़ी नाटी डाली। 5:30 से 6:30 बजे के बीच में 16 कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद सात बजे तक एपीजे विश्वविद्यालय की छात्राओं ने रैंपवॉक किया। लॉरेंट कान्वेंट स्कूल ताराहॉल की 11 छात्राओं ने बैंड पर प्रस्तुति दी। इसके अलावा हैरी, कविता किमटा, प्रदीप शर्मा, नरेश भारद्वाज, इंदू म्युजिकल ग्रुप, अरुण जस्टा, राजेश मालिक तथा इंद्रजीत भी दर्शकों का मनोरंजन किया।