हिमाचल में यूजी के ईयर सिस्टम परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश विश्वविद्यालय ने यूजी डिग्री में सेमेस्टर सिस्टम को ईयर सिस्टम करने के बाद ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है।
पहले दिन ही विवि का एग्जाम पोर्टल नहीं खुला। इससे विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए। अधिसूचना के मुताबिक यूजी की बीए/बीएससी/बीकॉम और ओटी/एमआईएल की परीक्षाएं 15 मार्च से शुरू होंगी।
करीब 40 हजार विद्यार्थी यह परीक्षाएं देंगे। इसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 26 दिसंबर से शुरू की गई है। 31 जनवरी तक परीक्षार्थी ऑनलाइन ई- एग्जामिनेशन फॉर्म भर सकेंगे। इसके बाद लेट फीस वसूली जाएगी।
विद्यार्थी इन बातों का रखें खास ध्यान
परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी अधिसूचना में प्राचार्यों से कहा गया है कि वे विद्यार्थियों के ई-एग्जामिनेशन के भरे गए परीक्षा फॉर्म की हार्ड कॉपी जरूर लें। इसे विवि को भिजवाने की व्यवस्था करें।
हार्ड कॉपी का प्राचार्य को सत्यापन करना होगा। यह भी सुनिश्चित करें कि परीक्षा फॉर्म भरने वाला विद्यार्थी तय पात्रता शर्तें पूरी करता हो। www.exams.hpushimla.in पोर्टल के माध्यम से ही यूजी डिग्री वार्षिक परीक्षा के फॉर्म भरे जाएंगे।
विवि परीक्षा विंग और कंप्यूटर सेंटर के इंचार्ज मुकेश शर्मा ने बताया कि ई परीक्षा फॉर्म भरने को एग्जाम पोर्टल जल्द शुरू हो जाएगा। फॉर्म अपलोड कर दिए गए हैं, मगर सर्वर की तकनीकी दिक्कत होने से पहले दिन पोर्टल नहीं चल पाया, जो जल्द चालू हो जाएगा।
क्या होगा सेमेस्टर, ईयर सिस्टम के आनलाइन फार्म में अंतर
यूजी डिग्री की सेमेस्टर परीक्षा को ईयर सिस्टम में करवाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए ऑनलाइन भरे जाने वाले ई-एग्जाम फॉर्म में अंतर होगा। छात्र को पहले की तरह से अपना लॉगइन आईडी बनाकर इसी के माध्यम से ऑनलाइन फार्म और फीस जमा करवानी होगी।
पूर्व में सेमेस्टर में छात्र एक सेमेस्टर में चार विषय भरता था, अब आठ विषय भरने होंगे। उसके परीक्षा फार्म पर सेमेस्टर की जगह वार्षिक परीक्षा लिखा होगा। विषयों में कोई विशेष अंतर नहीं रहेगा।
परीक्षा विषय संबंधित विभागों के सहयोग से ही तय किए गए है। छात्र को चार की जगह आठ परीक्षाओं की फीस जमा करवानी होगी। शेष सेमेस्टर और ईयर सिस्टम का परीक्षा फॉर्म लगभग वही रहेगा।